लखीसराय। सावन की तीसरी सोमवारी के दिन लखीसराय के प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मंदिर से करीब एक किलोमीटर दूर अशोक धाम हॉल्ट के समीप विद्युत पोल गिरने और करंट फैलने की अफवाह अचानक फैल गई। अफवाह के बाद श्रद्धालुओं के बीच भगदड़ मच गई। इस दर्दनाक हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हुए हैं। अफवाह के कारण अचानक भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसकी चपेट में आ गए।

सात लोगों की हुई मौत

25 लोग घायल
हादसे में कुल 25 लोगों के घायल होने की पुष्टि जिला प्रशासन ने की है। घायलों को तत्काल सदर अस्पताल, लखीसराय पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। इनमें से तीन गंभीर रूप से घायल विमला देवी, रीना कुमारी और सविता देवी को ड्यूटी डॉक्टर द्वारा बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया है।

जिला प्रशासन ने शुरू किया राहत-बचाव कार्य
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई और आवश्यक चिकित्सकीय उपचार उपलब्ध कराया गया।
अफवाह पर प्रशासन ने किया स्पष्ट
जिला प्रशासन ने साफ किया है कि विद्युत पोल गिरने एवं करंट फैलने संबंधी अफवाह के कारण ही भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हुई थी। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अपुष्ट सूचना, अफवाह या सोशल मीडिया पर प्रसारित संदेश पर विश्वास न करें और न ही उसे आगे प्रसारित करें। किसी भी सूचना की पुष्टि केवल जिला प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के माध्यम से करने की अपील की गई है।
मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये
जिला प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। गैर-प्राकृतिक आपदा के तहत सामूहिक दुर्घटना के अंतर्गत सभी मृतकों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये अनुग्रह अनुदान का भुगतान वेब के माध्यम से किया गया है। प्रशासन की ओर से घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की बात कही गई है।
तीन सदस्यीय जांच टीम गठित
अशोक धाम हॉल्ट के समीप हुई इस घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच के लिए जिला प्रशासन ने त्रि-सदस्यीय जांच टीम का गठन किया है। टीम घटना के कारणों और उससे जुड़ी परिस्थितियों की जांच करेगी। जिला प्रशासन ने कहा है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और आम लोगों से शांति एवं संयम बनाए रखने की अपील की गई है।






