सूर्यगढ़ा छात्र आत्महत्या की घटना ने लखीसराय जिले के निस्ता गांव में शोक की लहर दौड़ा दी है। सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के 17 वर्षीय छात्र राकेश कुमार का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है। लखीसराय। जिले के सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के निस्ता गांव में 17 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटककर मौत हो जाने से पूरे इलाके में शोक की लहर है। मृतक की पहचान निस्ता गांव निवासी महेश यादव के 17 वर्षीय पुत्र राकेश कुमार के रूप में हुई है। राकेश ने हाल ही में इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की थी और बीए में नामांकन की तैयारी कर रहा था। परिजनों के अनुसार, राकेश पढ़ाई को लेकर काफी गंभीर था। वह घर से कुछ दूरी पर निस्ता-कजरा राज्य पथ किनारे स्थित बथान के एक कमरे में देर रात तक पढ़ाई करता था। शुक्रवार को भी वह पढ़ाई के लिए कमरे में गया था, लेकिन दोपहर करीब एक बजे तक बाहर नहीं निकला। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने और दरवाजा खटखटाने पर भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद पिता महेश यादव ने कमरे की छत का एक हिस्सा हटाकर अंदर झांका तो देखा कि राकेश फंदे से लटका हुआ है। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते पूरे गांव में घटना की खबर फैल गई। सूर्यगढ़ा छात्र आत्महत्या

मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल

घटना की सूचना मिलते ही सूर्यगढ़ा थाना के एसआई एमडी आलम और एसआई मणिकांत यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, लखीसराय भेज दिया। राकेश की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों को सांत्वना देने के लिए ग्रामीणों और रिश्तेदारों की भीड़ घर पर जुटी रही। ग्रामीणों ने बताया कि राकेश शांत स्वभाव का, पढ़ाई में मेधावी और सभी से मिलनसार व्यवहार रखने वाला छात्र था। उसकी अचानक मौत से पूरा गांव स्तब्ध है। सूर्यगढ़ा छात्र आत्महत्या

क्या बोले थानाध्यक्ष

सूर्यगढ़ा छात्र आत्महत्या सूर्यगढ़ा थानाध्यक्ष रोहित कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस यूडी केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

advertisement