लखीसराय। जिले के लखीसराय रेलवे स्टेशन पर रविवार की रात एक दर्दनाक हादसे में एएनएम (ANM) की छात्रा राखी कुमारी की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं राखी के साथ पढ़ने वाली सहेलियां भी इस दुखद खबर से गहरे सदमे में हैं। मिली जानकारी के अनुसार, राखी कुमारी पटना से अपने घर लखीसराय लौट रही थी। इसी दौरान लखीसराय रेलवे स्टेशन पर वह ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसा इतना भीषण था कि उसके सिर में गंभीर चोट लगी और वह बुरी तरह घायल हो गई। घटना के तुरंत बाद रेलवे स्टेशन पर मौजूद लोगों और स्थानीय पुलिस की मदद से राखी को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल, लखीसराय ले जाया गया। हालांकि चिकित्सकों ने उसे बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे में राखी का सिर बुरी तरह क्षतिग्रस्त (डैमेज) हो गया था, जिससे उसकी हालत बेहद गंभीर हो गई थी।
मृतका की पहचान शहर के नया बाजार स्थित दुर्गा गर्ल्स स्कूल के समीप, वार्ड संख्या-26 निवासी राखी कुमारी के रूप में हुई है। वह बबलू कुमार वर्मा की पुत्री थीं और एएनएम की पढ़ाई कर रही थीं। बताया जाता है कि वह पढ़ाई पूरी कर स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में अपना करियर बनाने का सपना देख रही थीं, लेकिन एक दर्दनाक हादसे ने उसके सभी सपनों को अधूरा छोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। इधर, इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार, रिश्तेदारों और राखी के दोस्तों में शोक का माहौल है। उसकी असमय मौत से हर कोई स्तब्ध है।







