सूर्यगढ़ा, लखीसराय। पीएम आवास योजना सूर्यगढ़ा के तहत लोगों को योजना के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से नगर परिषद सूर्यगढ़ा लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को प्लस टू परियोजना बालिका उच्च विद्यालय, सूर्यगढ़ा में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम नगर प्रबंधक लालसा प्रिया की देखरेख में संपन्न हुआ, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्राओं ने रंगों के जरिए दिया जागरूकता का संदेश प्रतियोगिता में छात्राओं ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) से जुड़े विषयों पर आकर्षक और संदेशात्मक चित्र बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। किसी ने पक्के घर का सपना उकेरा तो किसी ने स्वच्छ और सुरक्षित जीवन का संदेश दिया। रंगों के माध्यम से छात्राओं ने यह दिखाने का प्रयास किया कि हर पात्र परिवार तक आवास योजना का लाभ पहुंचना कितना आवश्यक है।

Image
फोटो: Lakhisarai Live

नगर परिषद ने की छात्राओं की सराहना नगर प्रबंधक लालसा प्रिया ने प्रतियोगिता में शामिल छात्राओं की कलाकृतियों का अवलोकन किया और उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) का उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है तथा इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए नगर परिषद लगातार कार्य कर रही है। विजेताओं को किया गया सम्मानित प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने के बाद छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यालय परिवार ने भी नगर परिषद की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी और जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Image
फोटो: Lakhisarai Live

आगे भी होंगे जागरूकता कार्यक्रम नगर प्रबंधक लालसा प्रिया ने बताया कि विभागीय निर्देश के तहत नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी रहेगी। इसके तहत क्रिएटिव माइंड इंटरनेशनल स्कूल में निबंध प्रतियोगिता, सेंट मेरी इंग्लिश स्कूल में लेखन प्रतियोगिता तथा न्यू दिल्ली पब्लिक स्कूल में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को पीएम आवास योजना सूर्यगढ़ा से जोड़ते हुए समाज में जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजय कुमार सिंह, शिक्षक प्रेमरंजन कुमार, अन्य शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।