लखीसराय। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत शुक्रवार रात उस समय सामने आ गई, जब जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बड़हिया का औचक निरीक्षण किया। रात 7:58 बजे किए गए निरीक्षण के दौरान अस्पताल का मुख्य द्वार बंद मिला। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि दोपहर करीब तीन बजे के बाद अधिकांश चिकित्सक अस्पताल छोड़कर चले जाते हैं, जिसके कारण मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने अस्पताल की व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पाया गया कि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावी रूप से संचालित नहीं हो रही हैं और चिकित्सकों की अनुपस्थिति के कारण मरीजों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

अस्पताल का निरीक्षण करते डीएम व अन्य अधिकारी
अस्पताल का निरीक्षण करते डीएम व अन्य अधिकारी फोटो: आईपीआरडी लखीसराय

जांच में यह भी सामने आया कि ड्यूटी रोस्टर में गंभीर अनियमितताएं हैं। रोस्टर के अनुसार शनिवार को डॉ. मनीष साहू और डॉ. वंदना कुमारी की ड्यूटी रात 8 बजे तक निर्धारित थी। इसके बाद भी डॉ. मनीष साहू की ड्यूटी दर्शाई गई थी। प्रारंभिक जांच में यह भी जानकारी मिली कि कई बार एक ही चिकित्सक दूसरे डॉक्टरों के स्थान पर दो से तीन शिफ्ट तक ड्यूटी करता है। इस पर डीएम ने सिविल सर्जन को पूरे रोस्टर की जांच कर संबंधित चिकित्सकों एवं अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेने का निर्देश दिया। डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि अस्पताल परिसर के बाहर सभी चिकित्सकों का ड्यूटी रोस्टर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित किया जाए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को यह जानकारी मिल सके कि किस समय कौन चिकित्सक उपलब्ध रहेगा।

अस्पताल का निरीक्षण करते डीएम व अन्य अधिकारी
अस्पताल का निरीक्षण करते डीएम व अन्य अधिकारी फोटो: आईपीआरडी लखीसराय

निरीक्षण के दौरान एक और गंभीर मामला सामने आया। जानकारी मिली कि अस्पताल का संचालन अनधिकृत रूप से पुराने रेफरल अस्पताल परिसर में किया जा रहा है। इस पर जिला पदाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए तत्काल स्पष्टीकरण देने तथा दोषियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई करने का निर्देश दिया। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि 18 जुलाई 2026 से नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन में अनुमोदित चिकित्सकों के रोस्टर के अनुसार नियमित रूप से स्वास्थ्य सेवाएं और आपातकालीन सुविधाएं संचालित की जाएं। साथ ही कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद बड़हिया को निर्देशित किया गया कि नए भवन में यथाशीघ्र 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि क्षेत्रवासियों को निर्बाध चिकित्सा सुविधा मिल सके। निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी बड़हिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद रहे।

advertisement