बड़हिया चोरी का मामला एक बार फिर पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। बड़हिया थाना क्षेत्र के उच्च माध्यमिक विद्यालय, गंगासराय में शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने कार्यालय और कक्षा का ताला तोड़कर लगभग डेढ़ लाख रुपये मूल्य के स्मार्ट टीवी और अन्य सामान चोरी कर लिया। यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब कुछ दिन पहले ही कल्याणपुर गांव में 20 लाख रुपये से अधिक की बड़ी चोरी हुई थी।
दीवार फांदकर स्कूल में घुसे चोर
जानकारी के अनुसार, चोर विद्यालय के पिछले हिस्से की दीवार फांदकर परिसर में दाखिल हुए। इसके बाद कार्यालय कक्ष का ताला तोड़कर 32 इंच का सैमसंग स्मार्ट टीवी, प्रिंटर और अन्य सामान निकाल लिया। फिर अलमारी तोड़कर उसमें रखी चाबियां लेकर अन्य कक्षा का ताला खोलकर वहां लगा 65 इंच का सैमसंग स्मार्ट टीवी भी चोरी कर लिया। इसके बाद चोर विद्यालय की अन्य कक्षाओं की चाबियां भी अपने साथ ले गए। आशंका जताई जा रही है कि यदि स्मार्ट क्लास की चाबी मिल जाती, तो वहां रखा महंगा उपकरण भी चोरी हो सकता था।

रविवार सुबह खुला चोरी का राज
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक चंदन कुमार ने बताया कि शनिवार शाम विद्यालय बंद कर सभी कर्मचारी घर चले गए थे। रविवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नशा मुक्ति अभियान पर संबोधन बच्चों को सुनाने के लिए विद्यालय पहुंचे तो कार्यालय का ताला टूटा मिला। अंदर से टीवी, प्रिंटर और अन्य सामान गायब थे, जबकि अलमारी में रखा टैब सुरक्षित मिला। इसके बाद बड़हिया थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित आवेदन दिया गया।

जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर बड़हिया पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थानाध्यक्ष ब्रजभूषण सिंह ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कल्याणपुर चोरी के बाद फिर पुलिस पर सवाल
यह घटना इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि 25 जुलाई की देर रात बड़हिया थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में किसान चंद्रशेखर सिंह उर्फ टनटन सिंह के घर से करीब 10 लाख रुपये नकद और 10 लाख रुपये से अधिक मूल्य के जेवरात चोरी हुए थे। उस मामले में पुलिस ने चार लोगों को एक देशी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया था, लेकिन बरामदगी केवल 5 हजार रुपये दिखाई गई। बड़ी चोरी के मुकाबले बेहद कम बरामदगी को लेकर उस समय भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठे थे।
क्या सक्रिय है संगठित चोर गिरोह?
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने यह आशंका भी बढ़ा दी है कि बड़हिया थाना क्षेत्र में कोई संगठित चोर गिरोह सक्रिय हो सकता है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि कल्याणपुर चोरी की गहन जांच कर वास्तविक गिरोह तक पुलिस पहुंचती, तो संभव है कि स्कूल में हुई इस नई चोरी जैसी घटनाओं पर रोक लग सकती थी।
लगातार वारदातों से बढ़ी लोगों की चिंता
एक के बाद एक सामने आ रही चोरी की घटनाओं ने क्षेत्र के लोगों की चिंता बढ़ा दी है। अब लोगों की नजर पुलिस जांच पर टिकी है कि क्या इस बार पुलिस चोरी का खुलासा कर वास्तविक अपराधियों तक पहुंच पाएगी या यह मामला भी पिछली बड़ी चोरी की तरह लंबे समय तक अधूरा ही रह जाएगा।






