लखीसराय: बिहार के लखीसराय जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के अलीनगर वार्ड संख्या-7 में एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की नीयत से पत्नी के शव को घर के अंदर मवेशी बांधने वाले कमरे में मिट्टी खोदकर दफना दिया। घटना का खुलासा होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

Image

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति नागेश्वर बिंद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान करीब 45 वर्षीय सहोदरी देवी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सूर्यगढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घर के अंदर मवेशी बांधने वाले कमरे में खुदाई कर मिट्टी के नीचे दबे शव को बाहर निकाला गया। मौके से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने भी घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, लखीसराय भेज दिया गया।

Image

पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने बताया कि वर्ष 2007 में नागेश्वर बिंद और सहोदरी देवी की शादी हुई थी। शादी के करीब 18 साल बाद भी दंपति की कोई संतान नहीं थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बुधवार देर शाम दोनों के बीच फिर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने चाकू से पत्नी का गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के उद्देश्य से उसने शव को घर के अंदर ही दफना दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया।