लखीसराय: लखीसराय ATM ठगी मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। कवैया थाना क्षेत्र में ATM कार्ड फंसाकर खाते से 3 लाख 36 हजार रुपये की अवैध निकासी करने के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी चंदन सिंह को लखीसराय पुलिस की डीआईयू टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी अपनी पत्नी के साथ बाबाधाम जाने के लिए निकला था, इसी दौरान पुलिस टीम ने देवघर जाने वाले रास्ते में उसे दबोच लिया। सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तारी गोरियारी नदी के आसपास से की गई है। इस गिरफ्तारी के साथ ही उस मामले में पुलिस की कार्रवाई अंतिम दौर में पहुंच गई है, जिसने 19 जुलाई को ATM मशीन में कार्ड फंसने के बाद एक व्यक्ति के खाते से लाखों रुपये उड़ाने का सनसनीखेज मामला सामने आया था।
ATM ठगी का बड़ा नेटवर्क! पटना से झारखंड तक दर्जनों मामले, JH10 नंबर की Nexon से घूमता था आरोपी
पटना से झारखंड तक ATM ठगी के मामलों का नेटवर्क सामने आने लगा है। लखीसराय में 3 लाख 36 हजार रुपये की ATM ठगी के मामले में गिरफ्तार आरोपी चंदन सिंह को लेकर अब कई जिलों से जुड़े मामलों की जानकारी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ पटना के गर्दनीबाग थाना में 1 लाख 13 हजार रुपये की ठगी का मामला दर्ज है। इसके अलावा पूर्णिया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, फारबिसगंज, औरंगाबाद, मसौढ़ी और भागलपुर में भी इसी तरह की वारदातों से जुड़े मामले दर्ज होने की बात कही जा रही है।
बताया जा रहा है कि आरोपी का कनेक्शन झारखंड तक भी था। धनबाद में करीब 10 लाख रुपये की ठगी से जुड़े मामले की बात सामने आ रही है। इसके अलावा जमशेदपुर, हजारीबाग और रांची के जगन्नाथपुर थाना में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज होने की जानकारी बताई जा रही है। रांची के अन्य थानों में भी इसी तरह के मामलों से आरोपी का नाम जुड़ने की बात कही जा रही है। अगर इन सभी मामलों की पुलिस जांच में पुष्टि होती है, तो यह मामला एक बड़े अंतरराज्यीय ATM ठगी नेटवर्क की तस्वीर सामने ला सकता है।
पत्नी के साथ बाबाधाम जा रहा था आरोपी, रास्ते में दबोचा
पुलिस को बड़ी सफलता उस समय मिली जब आरोपी चंदन सिंह अपनी पत्नी के साथ बाबाधाम जाने के लिए निकला था। पुलिस की डीआईयू टीम लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान देवघर के रास्ते में उसे पकड़ लिया गया। सूत्रों के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी गोरियारी नदी के आसपास से की गई। गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि ATM ठगी की इस पूरी वारदात में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे।
दूसरा आरोपी भी चिन्हित, अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर
इस मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी की भी पहचान कर ली है, लेकिन वह अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अब गिरफ्तार चंदन से पूछताछ के जरिए ठगी की रकम, ATM कार्ड के इस्तेमाल और पूरे गिरोह के नेटवर्क से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाने में लगी है।
क्या था पूरा ATM ठगी का मामला?
मामला 19 जुलाई 2026 का है। जब कबैया थाना क्षेत्र के केनरा बैंक के एटीएम से अमहरा थाना क्षेत्र के मोरमा निवासी रामबालक साव के पुत्र रोहित कुमार रुपये निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान उनका ATM कार्ड मशीन में ही फंस गया। कार्ड फंसने के बाद वहां चिपकाए गए एक फर्जी हेल्पलाइन नंबर पर उन्होंने संपर्क किया। ठगों ने मदद करने का झांसा देकर उन्हें जमुई मोड़ बुलाया। इसी दौरान ठगों ने ATM कार्ड मशीन से निकाल लिया और बाद में पीड़ित के खाते से कुल 3 लाख 36 हजार रुपये की निकासी कर ली। घटना के बाद रोहित कुमार ने कवैया थाना में शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर कांड संख्या 277/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
CCTV और तकनीकी जांच से सामने आया आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए लखीसराय पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार के नेतृत्व में कवैया थाना और तकनीकी शाखा की टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और CCTV फुटेज हासिल किए। CCTV फुटेज, तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल आरोपी की पहचान चंदन सिंह, पिता शंकर सिंह, निवासी रजौंधा टोला मखदुमपुर, थाना फतेहपुर, जिला गया के रूप में की। इसके बाद पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी।
पहले घर पर हुई थी छापेमारी, ₹49,500 समेत सामान बरामद
आरोपी की पहचान होने के बाद पुलिस टीम ने उसके घर पर भी छापेमारी की थी। उस दौरान पुलिस ने 49,500 रुपये नकद बरामद किए थे। इसके अलावा घटना के समय आरोपी द्वारा पहना गया टी-शर्ट और चप्पल, फोन-पे कंपनी की स्वाइप मशीन, एक मोबाइल फोन तथा लोहे के दो पिलास, एक पेचकस और एक चाकू बरामद किया गया था।
शुरुआत से गिरफ्तारी तक लखीसराय लाइव ने हर अपडेट को प्रमुखता से उठाया
इस पूरे मामले में लखीसराय लाइव ने शुरुआत से ही खबर को प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया। ATM कार्ड फंसने और खाते से लाखों रुपये निकलने की घटना सामने आने से लेकर पुलिस की जांच, आरोपी की पहचान, उसके घर पर हुई छापेमारी और अब देवघर के रास्ते हुई गिरफ्तारी तक मामले के हर महत्वपूर्ण पहलू को लगातार अपडेट किया गया। अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की अगली चुनौती फरार दूसरे आरोपी को गिरफ्तार करना और ATM ठगी के पूरे नेटवर्क का खुलासा करना है।






