लखीसराय। जिले के चर्चित और निलंबित ड्रग्स इंस्पेक्टर दीपक कुमार राम को उत्पाद विभाग की टीम ने शराब के नशे में गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान दीपक कुमार राम (49 वर्ष), पिता स्व. बिंदेश्वरी राम, निवासी गौशाला गली, लखीसराय के रूप में हुई है। उत्पाद विभाग की कार्रवाई के बाद उन्हें कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए ले जाया गया। दीपक कुमार राम इससे पहले भी कई विवादों को लेकर चर्चा में रह चुके हैं। सबसे पहले उनका नाम उस समय सुर्खियों में आया था, जब बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा और तत्कालीन ड्रग्स इंस्पेक्टर दीपक कुमार राम के बीच कथित बातचीत का एक ऑडियो वायरल हुआ था। इस ऑडियो को लखीसराय लाइव ने सबसे पहले प्रमुखता से प्रसारित किया था, जिसके बाद मामला पूरे बिहार में चर्चा का विषय बन गया। ऑडियो वायरल होने के बाद प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई हुई और दीपक कुमार राम का तबादला पटना कर दिया गया। इसके बाद रामगढ़ चौक थाना क्षेत्र में पकड़े गए दवा प्रकरण की जांच के दौरान उन पर कार्रवाई हुई और उन्हें निलंबित कर दिया गया। अब एक बार फिर दीपक कुमार राम का नाम चर्चा में है। शराब के नशे में उनकी गिरफ्तारी ने एक बार फिर बिहार में लागू शराबबंदी कानून को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस अधिकारी पर कभी दवाओं की निगरानी और कानून के अनुपालन की जिम्मेदारी थी, उसी का शराब के नशे में पकड़ा जाना प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है।
होम




