लखीसराय। सावन के दौरान कांवड़ यात्रा के बीच मंगलवार सुबह लखीसराय शहर के विद्यापीठ चौक पर उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब कांवड़ियों से कथित तौर पर जबरन बस पड़ाव शुल्क वसूले जाने का आरोप लगा। इससे नाराज कांवड़ियों ने कुछ समय के लिए विद्यापीठ चौक को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुई, हालांकि सुबह का समय रहने के कारण ज्यादा परेशानी लोगों को नहीं झेलनी पड़ी। इधर घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और कांवड़ियों की शिकायत सुनी।
कांवड़ियों का कहना था कि वे पहले ही 150 रुपये बस पड़ाव शुल्क जमा कर चुके हैं, लेकिन दोबारा शुल्क मांगा जा रहा था। पुलिस की कार्रवाई के दौरान स्थानीय बस पड़ाव के स्टॉप वहां से भाग खड़े हुए। इधर पुलिस ने कांवड़ियों से लिखित शिकायत देने को कहा, लेकिन किसी ने आवेदन नहीं दिया। समझाने-बुझाने के बाद मामला शांत हुआ और यातायात सामान्य हो गया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बस पड़ाव कर्मी अक्सर निर्धारित स्थल के बाहर भी वाहनों से जबरन शुल्क वसूलते हैं। जबकि नगर परिषद की बोर्ड बैठक में स्पष्ट निर्णय लिया गया था कि शुल्क की वसूली केवल बस पड़ाव परिसर में ही होगी। नियम का उल्लंघन करने पर कार्रवाई का भी प्रावधान है। साथ ही जिला प्रशासन की ओर से कांवड़ियों से बस पड़ाव शुल्क नहीं लेने के निर्देश भी दिए गए हैं। टाउन थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि कांवड़ियों से लिखित शिकायत मांगी गई थी, लेकिन किसी ने आवेदन नहीं दिया। वहीं नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी प्रभात रंजन ने कहा कि बस पड़ाव के संवेदक को नोटिस जारी किया जा रहा है। यदि जवाब संतोषजनक नहीं मिला तो नगर पालिका अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






