लखीसराय: जिले के पीरीबाजार थाना क्षेत्र से शनिवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक युवक का शव खोटा अहरा के समीप महुआ के पेड़ के पास झाड़ियों से बरामद किया गया। युवक के गले पर गंभीर जख्म मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मृतक की पहचान धनौरी निवासी चौकीदार रामधारी रजक के पोते सूरज रजक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सूरज का नानीघर कजरा थाना क्षेत्र के टाल वंशीपुर में है और वह वहीं आया हुआ था। युवक पीरीबाजार कैसे पहुंचा ये तफ्तीश के बाद ही पता चल पाएगा। फिलहाल हत्या की आशंका प्रेम प्रसंग की और इशारा कर रही है। शनिवार सुबह महेशपुर जाने वाली सड़क पर खोटा अहरा के समीप झाड़ियों में शव पड़े होने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पीरीबाजार थाना अध्यक्ष चंद्रवीर सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए मेदनीचौकी थाना अध्यक्ष चितरंजन कुमार और मानिकपुर थाना अध्यक्ष रंजीत कुमार भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल पर सड़क पर काफी मात्रा में खून बिखरा मिला, जबकि कुछ दूरी पर झाड़ियों में युवक का शव पड़ा था। शव के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी तक मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना की वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने, बरामद मोबाइल फोन और अन्य भौतिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल पुलिस हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
होम






