लखीसराय पंचायत स्तरीय लीगल एड क्लीनिक के माध्यम से अब जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में न्याय और कानूनी सहायता की पहुंच और मजबूत होगी। जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA), लखीसराय की ओर से 7 अगस्त 2026 से पंचायत स्तर पर लीगल एड क्लीनिक की शुरुआत की जा रही है। इस संबंध में गुरुवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विद्यानंद सागर की अध्यक्षता में जिले के सभी प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में संचालन की तैयारियों पर हुई चर्चा
बैठक में पंचायत स्तरीय लीगल एड क्लीनिक की कार्यप्रणाली, संचालन व्यवस्था और विभिन्न विभागों के समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारियों ने आश्वासन दिया कि पंचायत भवनों में क्लीनिक के संचालन के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी तथा प्रशासनिक स्तर पर पूरा सहयोग दिया जाएगा।
16 पंचायत समूहों में शुरू होगी सेवा
जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने जिले में कुल 16 पंचायत समूह बनाए हैं। प्रत्येक समूह के लिए एक-एक पारा लीगल वॉलंटियर (PLV) की प्रतिनियुक्ति की गई है। इन क्लीनिकों में लोगों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार की योजनाओं की जानकारी, विधिक जागरूकता, सरकारी योजनाओं की जानकारी और जरूरतमंदों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इन पंचायतों में होगा संचालन
बड़हिया प्रखंड के डुमरी एवं गंगासराय पंचायत भवन, पिपरिया के सैदपुरा, चानन के लाखोचक एवं संग्रामपुर, रामगढ़ चौक के शर्मा एवं तेतरहाट, लखीसराय प्रखंड के साबिकपुर, महिसोना एवं बालगुदर, सूर्यगढ़ा के सलेमपुर पूर्वी, चौरा राजपुर एवं अरमा तथा हलसी के कैदी, धीरा एवं मोहद्दीनगर पंचायत भवनों में लीगल एड क्लीनिक संचालित होंगे। इनके साथ आसपास की अन्य पंचायतों को भी जोड़ा जाएगा।

जन-जन तक न्याय पहुंचाना है उद्देश्य
सचिव विद्यानंद सागर ने कहा कि पंचायत स्तरीय लीगल एड क्लीनिक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा न्याय तक उनकी आसान पहुंच सुनिश्चित करना है। इसके लिए सभी प्रतिनियुक्त पीएलवी को बैनर, रजिस्टर सहित आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई और जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।






