कबैया थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक देसी पिस्टल, एक मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद, आर्म्स एक्ट व मद्य निषेध कानून के तहत केस दर्ज।

लखीसराय: जिले की कबैया थाना पुलिस ने अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को देसी पिस्टल, एक मैगजीन और चार जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान टिंकू कुमार (करीब 40 वर्ष), पिता अशोक राम, निवासी वार्ड संख्या-32, बड़ी कबैया, थाना कबैया, जिला लखीसराय के रूप में हुई है।

Image

लखीसराय पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 3 जुलाई 2026 की शाम गश्ती के दौरान उत्पाद थाना से सूचना मिली कि कबैया रोड स्थित वार्ड-32 में एक व्यक्ति शराब के नशे में है और उसके पास अवैध हथियार होने की आशंका है। सूचना मिलते ही कबैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी की कमर से एक देसी पिस्टल, एक मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने मौके पर ही शराब के सेवन की भी पुष्टि की, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर थाना लाया गया। इस मामले में कबैया थाना कांड संख्या 253/26 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)a/26 तथा बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 37 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद हथियार कहां से लाया गया था और आरोपी का किसी आपराधिक गिरोह या अन्य आपराधिक घटनाओं से कोई संबंध है या नहीं।लखीसराय पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध हथियार और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।