लखीसराय सहयोग शिविर की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मंगलवार को डीएम शैलेंद्र कुमार ने सूर्यगढ़ा प्रखंड के मोहम्मदपुर तथा रामगढ़ चौक प्रखंड के शर्मा पंचायत स्थित शिविर स्थलों का निरीक्षण किया। बुधवार को उत्क्रमित मध्य विद्यालय, रतनपुर में आयोजित होने वाले सहयोग शिविर में बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री-सह-लखीसराय के जिला प्रभारी मंत्री सुनील कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

स्थल निरीक्षण करते डीएम व अन्य अधिकारी
स्थल निरीक्षण करते डीएम व अन्य अधिकारी फोटो: लखीसराय लाइव
advertisement

तैयारियों की डीएम ने की विस्तृत समीक्षा

निरीक्षण के दौरान डीएम ने वाहन पार्किंग, आम लोगों के बैठने की व्यवस्था, पंजीकरण काउंटर, पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तैयारियां समय पर और सुव्यवस्थित ढंग से पूरी की जाएं ताकि शिविर में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने डीएम को जानकारी दी कि शिविर के लिए समीप स्थित सामुदायिक भवन में आवेदन लिए जा रहे हैं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन जमा कर रहे हैं।

निरीक्षण करते डीएम व अन्य अधिकारी
निरीक्षण करते डीएम व अन्य अधिकारी फोटो: लखीसराय लाइव

ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर तत्काल दिए निर्देश

निरीक्षण के बाद डीएम ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत के कई वार्डों में नल-जल योजना सही तरीके से संचालित नहीं हो रही है, जिससे लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा लो वोल्टेज और अनियमित बिजली आपूर्ति की समस्या भी प्रमुख रूप से उठाई गई। ग्रामीणों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए डीएम ने कार्यपालक अभियंता (विद्युत) से दूरभाष पर बातचीत कर बिजली व्यवस्था में शीघ्र सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को पेयजल आपूर्ति की समस्या का भी जल्द समाधान करने को कहा।

निरीक्षण करते डीएम व अन्य अधिकारी
निरीक्षण करते डीएम व अन्य अधिकारी फोटो: लखीसराय लाइव

बुधवार को लगेगा सहयोग शिविर

बुधवार को उत्क्रमित मध्य विद्यालय, रतनपुर में आयोजित होने वाले लखीसराय सहयोग शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे। शिविर में ग्रामीणों की शिकायतों और आवेदनों का मौके पर ही निस्तारण करने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री-सह-जिला प्रभारी मंत्री सुनील कुमार भी शामिल होकर कार्यक्रम का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, जनप्रतिनिधि, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।