नई दिल्ली। अशोकधाम रेलवे स्टेशन को लेकर लंबे समय से उठ रही मांग अब पूरी होने की दिशा में बढ़ती दिखाई दे रही है। रेल भवन, नई दिल्ली में रेलवे बोर्ड के सदस्य (यातायात एवं व्यावसायिक विकास) डॉ. मनोज कुमार सिंह से पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं समाजसेवी आशुतोष कुमार ने मुलाकात कर लखीसराय और आसपास के रेल यात्रियों की समस्याओं को विस्तार से रखा। बैठक में रेल यात्रियों की सुविधा से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। रेलवे बोर्ड सदस्य ने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

advertisement

हावड़ा–राजगीर एक्सप्रेस के मार्ग परिवर्तन पर पहल

डॉ. मनोज कुमार सिंह ने पूर्व रेलवे के प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक नीरज वर्मा तथा पूर्व मध्य रेलवे की प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक इंदू दुबे को निर्देश दिया कि हावड़ा–राजगीर एक्सप्रेस का भागलपुर–जमालपुर–अभयपुर मार्ग से सप्ताह में चार दिन संचालन सुनिश्चित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए।

जसीडीह–जमालपुर मेमू को मिलेगा एक ट्रेन नंबर

यात्रियों की सुविधा को देखते हुए वर्तमान में दो अलग-अलग ट्रेन नंबरों से संचालित जसीडीह–जमालपुर मेमू को एक ही ट्रेन नंबर से चलाने का भी निर्देश दिया गया, जिससे यात्रियों को भ्रम की स्थिति का सामना नहीं करना पड़ेगा।

अशोकधाम रेलवे स्टेशन को मिलेगा बड़ा लाभ

बैठक में अशोकधाम रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के स्थायी ठहराव सुनिश्चित करने को लेकर भी सकारात्मक निर्णय लिया गया। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इससे सावन सहित पूरे वर्ष हजारों श्रद्धालुओं और स्थानीय यात्रियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

इंटरसिटी एक्सप्रेस की गति बढ़ाने का निर्देश

रेलवे बोर्ड सदस्य ने बांका–राजेंद्रनगर इंटरसिटी एक्सप्रेस (13241) की गति बढ़ाकर उसे दोपहर 3:10 बजे तक राजेंद्रनगर टर्मिनल पहुंचाने की दिशा में भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इससे यात्रियों का समय बचेगा और यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी।

समाजसेवी आशुतोष कुमार की पहल

यह पहल लखीसराय जिले के घोसैठ निवासी पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं समाजसेवी आशुतोष कुमार की ओर से की गई। वे लंबे समय से जिले में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। इस अवसर पर समाजसेवी आशुतोष कुमार ने रेल यात्रियों के हित में सकारात्मक पहल और महत्वपूर्ण निर्देश दिए जाने के लिए माननीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं माननीय केंद्रीय मंत्री (पशुपालन, मत्स्य एवं डेयरी तथा पंचायती राज) राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन निर्णयों के क्रियान्वयन से लखीसराय, अभयपुर, अशोकधाम सहित पूरे क्षेत्र के हजारों रेल यात्रियों और श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र की वर्षों पुरानी रेल संबंधी मांगों को नई दिशा मिलेगी।