लखीसराय। अहमदाबाद-भागलपुर अमृत भारत एक्सप्रेस के नियमित परिचालन को रेलवे ने मंजूरी दे दी है। पश्चिम रेलवे मुख्यालय, मुंबई की ओर से 18 अगस्त 2026 को जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार अहमदाबाद-पटना-अहमदाबाद साप्ताहिक क्लोन स्पेशल ट्रेन संख्या 09447/09448 को नियमित करते हुए अब ट्रेन संख्या 19423/19424 अहमदाबाद-भागलपुर-अहमदाबाद साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में संचालित किया जाएगा। इस फैसले से भागलपुर के साथ-साथ मुंगेर, जमालपुर, लखीसराय और किऊल क्षेत्र के यात्रियों को भी बड़ा फायदा मिलेगा।

26 अगस्त से शुरू होगा नियमित परिचालन

रेलवे के आधिकारिक आदेश के मुताबिक ट्रेन संख्या 19423 अहमदाबाद-भागलपुर अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार को अहमदाबाद से रवाना होगी। वहीं ट्रेन संख्या 19424 भागलपुर-अहमदाबाद अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक शुक्रवार को भागलपुर से चलेगी। अहमदाबाद से भागलपुर के लिए ट्रेन का नियमित परिचालन 26 अगस्त 2026 से और भागलपुर से अहमदाबाद के लिए 28 अगस्त 2026 से प्रभावी होगा। यह ट्रेन अहमदाबाद से चलकर गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार पहुंचेगी और भागलपुर तक जाएगी।

advertisement

किऊल, जमालपुर और मुंगेर क्षेत्र को सीधा लाभ

अहमदाबाद-भागलपुर अमृत भारत एक्सप्रेस के निर्धारित ठहरावों में बिहार के कई महत्वपूर्ण स्टेशन शामिल हैं। ट्रेन गोविंदपुरी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पटना, बख्तियारपुर, मोकामा, किऊल, अभयपुर, जमालपुर और सुल्तानगंज होते हुए भागलपुर पहुंचेगी। लखीसराय जिले के यात्रियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि ट्रेन का किऊल स्टेशन पर ठहराव निर्धारित किया गया है। इसके अलावा जमालपुर, अभयपुर और सुल्तानगंज जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर भी ट्रेन रुकेगी। इससे लखीसराय, मुंगेर, जमालपुर और भागलपुर क्षेत्र के यात्रियों को पश्चिम भारत की ओर आने-जाने में नई सुविधा मिलेगी।

रेलवे की और से जारी नोटिफिकेशन
रेलवे की और से जारी नोटिफिकेशन फोटो: लखीसराय लाइव

22 कोच की होगी अमृत भारत एक्सप्रेस

रेलवे के दस्तावेज के अनुसार ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे। इसमें LWS सहित विभिन्न श्रेणी के कोच शामिल हैं। ट्रेन का संचालन अमृत भारत रेक से किया जाएगा। ट्रेन का प्राथमिक रखरखाव अहमदाबाद में होगा, जबकि टर्मिनेटिंग मेंटेनेंस भागलपुर में किया जाएगा। ट्रेन का संचालन इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन से होगा।

रेलवे की और से जारी नोटिफिकेशन
रेलवे की और से जारी नोटिफिकेशन फोटो: लखीसराय लाइव

अहमदाबाद से भागलपुर तक लंबी दूरी की सीधी कनेक्टिविटी

इस ट्रेन के शुरू होने से भागलपुर और आसपास के जिलों के लोगों को अहमदाबाद समेत पश्चिम भारत के कई प्रमुख शहरों तक पहुंचने के लिए एक और महत्वपूर्ण रेल विकल्प मिलेगा। खासकर रोजगार, कारोबार, शिक्षा और अन्य कार्यों के लिए गुजरात और पश्चिम भारत जाने वाले यात्रियों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है। रेलवे के समय सारणी के अनुसार ट्रेन अहमदाबाद से बुधवार शाम 6:30 बजे रवाना होगी। बिहार में यह पटना, बख्तियारपुर, मोकामा और किऊल होते हुए आगे बढ़ेगी। भागलपुर से वापसी के दौरान ट्रेन शुक्रवार को भागलपुर से रवाना होकर किऊल, मोकामा, बख्तियारपुर और पटना होते हुए अहमदाबाद पहुंचेगी।

रेलवे की और से जारी नोटिफिकेशन
रेलवे की और से जारी नोटिफिकेशन फोटो: लखीसराय लाइव

आशुतोष कुमार ने जताया आभार

लखीसराय जिले के घोसैठ निवासी सामाजिक कार्यकर्ता सह पूर्व जिला परिषद सदस्य आशुतोष कुमार ने इस रेल सुविधा की जानकारी देते हुए इसे क्षेत्र के यात्रियों के लिए बड़ी सौगात बताया। आशुतोष कुमार ने कहा कि इस महत्वपूर्ण मांग को लेकर केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से व्यक्तिगत रूप से मिलकर आग्रह किया था। उनके अनुसार, इस पहल के बाद अहमदाबाद-पटना अमृत भारत एक्सप्रेस को भागलपुर तक विस्तारित करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि भागलपुर तक अमृत भारत एक्सप्रेस के विस्तार से भागलपुर ही नहीं, बल्कि मुंगेर, जमालपुर, लखीसराय और किऊल क्षेत्र के हजारों यात्रियों को फायदा मिलेगा। आशुतोष कुमार ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।

Image