लखीसराय। जिले के दो शिक्षकों ने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी उपलब्धियों से जिले का नाम रोशन किया है। बड़हिया प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय मुसहरी टोला दरियापुर के प्रधान शिक्षक पीयूष कुमार झा एवं कजरा शिक्षांचल के मध्य विद्यालय लक्ष्मीपुर के शिक्षक तथा बिहार राज्य विद्यालय अध्यापक संघ के लखीसराय जिलाध्यक्ष गोविन्द कुमार को राजधानी पटना में आयोजित गुरु सम्मान समारोह 2026 में सम्मानित किया गया। शिक्षक दिवस के पूर्व बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन, पटना एवं मानवाधिकार टुडे के संयुक्त तत्वावधान में राज्यस्तरीय गुरु सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसी समारोह में दोनों शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए समारोहपूर्वक सम्मानित किया गया।

गणितज्ञ केसी सिन्हा और न्यायमूर्ति के हाथों मिला सम्मान
समारोह में बिहार राज्य मानवाधिकार आयोग के पूर्व अध्यक्ष न्यायमूर्ति मांधाता सिंह, पटना विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति एवं महान गणितज्ञ प्रोफेसर केसी सिन्हा, बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन, पटना के जिलाध्यक्ष डॉ. अनिल सुलभ, पद्मश्री अशोक विश्वास, पद्मश्री विमल जैन एवं डॉ. जेके सिंह ने दोनों शिक्षकों को प्रमाणपत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

पीयूष कुमार झा को पहले भी मिल चुका है राजकीय शिक्षक सम्मान
पीयूष कुमार झा की उपलब्धियों की बात करें तो उन्हें बिहार सरकार द्वारा वर्ष 2025 में राजकीय शिक्षक सम्मान से भी सम्मानित किया जा चुका है। वहीं गोविन्द कुमार ने विद्यालय में छात्रों की उपस्थिति बढ़ाने के साथ-साथ पीबीएल के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रयास किया है। दोनों शिक्षकों को गुरु सम्मान मिलने के बाद जिले में खुशी का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि पर पूर्व विधायक फुलैना सिंह, बड़हिया प्रखंड प्रमुख इन्दु देवी, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला उपाध्यक्ष अरविंद कुमार भारती, प्रतिभा चयन एकता मंच बड़हिया के अध्यक्ष डॉ. रामरूप दास, उपाध्यक्ष डॉ. रामप्रवेश सिंह, शिक्षक नेता शुभम् कुमार, अविनाश कुमार, सीआरसी लक्ष्मीपुर के संचालक संतोष कुमार एवं समन्वयक जयप्रकाश कुमार सहित अन्य लोगों ने दोनों शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। दोनों शिक्षकों की इस उपलब्धि को जिले के शिक्षा जगत के लिए गौरवपूर्ण क्षण माना जा रहा है।






