मुंगेर विश्वविद्यालय के तृतीय दीक्षांत समारोह में बड़हिया के कुमार आनंद ने अपनी मेहनत और प्रतिभा का शानदार परिचय देते हुए बीएड में सिल्वर मेडल हासिल किया है। विश्वविद्यालय स्तर पर मिली इस उपलब्धि से न सिर्फ उनके परिवार और शिक्षकों में खुशी है, बल्कि बड़हिया और लखीसराय जिले का भी मान बढ़ा है।

सिल्वर मेडल प्राप्त करते आनंद
सिल्वर मेडल प्राप्त करते आनंद फोटो: लखीसराय लाइव
advertisement

बीएड में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जीता सिल्वर मेडल

सोमवार को आयोजित मुंगेर विश्वविद्यालय के तृतीय दीक्षांत समारोह में बड़हिया के दानी टोला निवासी सुनील सिंह के पुत्र कुमार आनंद को बीएड में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सिल्वर मेडल प्रदान किया गया। कुमार आनंद की इस उपलब्धि को उनकी कड़ी मेहनत, लगन और बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन का परिणाम माना जा रहा है। विश्वविद्यालय स्तर पर मेडल हासिल करने के बाद परिवार और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।

Image

शिक्षकों ने बताया मेहनत और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का परिणाम

मुंगेर विश्वविद्यालय के प्रोफेसर एवं बड़हिया बीएनएम कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रो. आशुतोष कुमार ने कुमार आनंद की सफलता पर खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आनंद का सिल्वर मेडल हासिल करना विश्वविद्यालय के गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण और उनकी निरंतर मेहनत का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि कुमार आनंद की यह उपलब्धि दूसरे विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का काम करेगी। मेहनत और सही दिशा में तैयारी के दम पर विद्यार्थी विश्वविद्यालय स्तर पर बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।

सिल्वर मेडल के साथ आनंद
सिल्वर मेडल के साथ आनंद फोटो: लखीसराय लाइव

'यह सिर्फ छात्र की नहीं, पूरे कॉलेज परिवार की जीत'

वहीं, साईं बीएड कॉलेज के चेयरमैन डॉ. अंजेश कुमार ने कुमार आनंद की सफलता पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए इसे पूरे कॉलेज परिवार की उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि कुमार आनंद की सफलता केवल एक विद्यार्थी की सफलता नहीं है, बल्कि यह पूरे कॉलेज परिवार के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि कॉलेज के विद्यार्थी लगातार विश्वविद्यालय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और इस तरह की उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।

बधाई देने वालों का लगा तांता

कुमार आनंद के सिल्वर मेडल जीतने की खबर मिलते ही उनके शुभचिंतकों और परिचितों ने बधाई दी। सौरव कुमार, अजीत कुमार, सौरभ सिंह, रामजी, मंगलम, निकेश कुमार, सुमित, सोनू सहित अन्य लोगों ने आनंद को उनकी शानदार उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं। कुमार आनंद की इस सफलता ने एक बार फिर यह साबित किया है कि मेहनत, लगन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थी विश्वविद्यालय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकते हैं। बड़हिया के इस होनहार छात्र की उपलब्धि क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक बनकर सामने आई है।