लखीसराय: बिहार ग्रामीण बैंक, क्षेत्रीय कार्यालय जमुई की ओर से लखीसराय के बालगुदर स्थित संग्रहालय में मुखिया समन्वय सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य पंचायतों के जनप्रतिनिधियों के माध्यम से ग्रामीण लोगों को बैंकिंग सेवाओं, विभिन्न ऋण योजनाओं और सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा बैंक ऋण की समय पर वसूली में जनप्रतिनिधियों का सहयोग प्राप्त करना रहा। कार्यक्रम में डीएम शैलेन्द्र कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पम्मी रानी, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक विभोर कुमार, जीविका डीपीएम अनीता कुमारी, बिहार ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक अमरदीप, मुख्य प्रबंधक अभिषेक कुमार, मुख्य प्रबंधक लखीसराय रोमिल रोहित सहित बैंक के अधिकारी और जिले की विभिन्न शाखाओं के शाखा प्रबंधक मौजूद रहे।

जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील
डीएम शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि गांव के विकास में बैंक और पंचायत की भूमिका एक-दूसरे की पूरक है। मुखिया एवं अन्य पंचायत प्रतिनिधि अपने क्षेत्र के पात्र लोगों को बैंक की ऋण योजनाओं और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों को नया ऋण उपलब्ध कराने के साथ पुराने ऋण की समय पर अदायगी के लिए भी लोगों को जागरूक करना जरूरी है। समय पर ऋण की किस्त और बकाया राशि जमा होने से बैंक की राशि दोबारा जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाई जा सकती है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को मजबूती मिलती है। डीएम ने मुखिया से अपील की कि वे अपने-अपने पंचायतों में ऋण लेने वाले लोगों को समय पर भुगतान के लिए प्रेरित करें और बैंक की ऋण वसूली प्रक्रिया में प्रशासन एवं बैंक को आवश्यक सहयोग दें।

पीएम सूर्य घर योजना पर विशेष जोर
सम्मेलन में पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। बिहार ग्रामीण बैंक की ओर से पात्र उपभोक्ताओं को सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाने के लिए सरल एवं सुगम ऋण सुविधा उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई। इस दौरान DRS SOLAR PRIVATE LIMITED, Lakhisarai के निदेशक सुधारंजन कुमार ने मुखिया एवं पंचायत प्रतिनिधियों को योजना के लाभ, सोलर रूफटॉप सिस्टम की उपयोगिता और बैंक ऋण के माध्यम से सोलर सिस्टम लगाने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कंपनी बिहार ग्रामीण बैंक के साथ मिलकर लखीसराय क्षेत्र में लोगों को पीएम सूर्य घर योजना के प्रति जागरूक करने और सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रही है। इसका उद्देश्य आम लोगों तक योजना की सही जानकारी पहुंचाना और सोलर सिस्टम लगाने की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना है।

बैंकिंग सेवाओं और ऋण वसूली पर भी चर्चा
बिहार ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक अमरदीप ने कहा कि बैंक ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराने और पात्र लाभुकों को विभिन्न ऋण योजनाओं का लाभ देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से पात्र लोगों को बैंक से जोड़ने और ऋण की समयबद्ध अदायगी के लिए जागरूक करने की अपील की। सम्मेलन में विभिन्न ऋण योजनाओं, वित्तीय समावेशन, डिजिटल बैंकिंग, सरकारी प्रायोजित योजनाओं, पीएम सूर्य घर योजना के तहत सोलर ऋण सुविधा और ऋण वसूली के महत्व की जानकारी जनप्रतिनिधियों को दी गई। कार्यक्रम में “जनप्रतिनिधि + प्रशासन + बैंक = सशक्त पंचायत एवं मजबूत ग्रामीण अर्थव्यवस्था” की भावना के साथ सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया गया। सम्मेलन के माध्यम से बैंक एवं प्रशासन ने पंचायत प्रतिनिधियों से नए एवं पात्र लाभुकों को बैंक से जोड़ने, पीएम सूर्य घर जैसी योजनाओं का लाभ ग्रामीण परिवारों तक पहुंचाने और बैंक ऋण की समय पर वसूली में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया।






