लखीसराय। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन देने के लिए लखीसराय के शिक्षक राजकुमार को राजकीय शिक्षक सम्मान-2026 से सम्मानित किया जाएगा। लखीसराय नगर परिषद के वार्ड संख्या 29 स्थित नवसृजित प्राथमिक विद्यालय नया टोला मुकुना के प्रधान शिक्षक राजकुमार का चयन बिहार शिक्षा विभाग ने जिले से इस सम्मान के लिए एकमात्र शिक्षक के रूप में किया है।

प्रधान शिक्षक राजकुमार
प्रधान शिक्षक राजकुमार फोटो: लखीसराय लाइव
advertisement

5 सितंबर को पटना में आयोजित समारोह में उन्हें सम्मानित किया जाएगा।

मूल रूप से शेखपुरा जिले के अरियरी थाना क्षेत्र के कैमरा गांव निवासी राजकुमार ने वर्ष 2014 में सूर्यगढ़ा प्रखंड के मध्य विद्यालय मानो में गणित एवं विज्ञान शिक्षक के रूप में अपनी सेवा शुरू की थी। अपनी कुशल शिक्षण तकनीक और सहज व्यवहार के कारण वे जल्द ही विद्यार्थियों के बीच लोकप्रिय हो गए। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने विभिन्न शैक्षणिक उपलब्धियां हासिल की हैं। राजकुमार के मार्गदर्शन में विद्यालय के सात विद्यार्थियों का चयन इंस्पायर अवार्ड के लिए हुआ। वहीं 20 विद्यार्थियों ने एनसीईआरटी के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय आय-सह-मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा में सफलता हासिल की। शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान का एक और उल्लेखनीय परिणाम बिहार शिक्षा परियोजना की महत्वाकांक्षी योजना प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग (पीबीएल) में देखने को मिला, जहां लखीसराय को बिहार में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। उनके पीबीएल प्रोजेक्ट की कर्तर से आए प्रतिनिधियों ने भी सराहना की थी। शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान और लगातार बेहतर कार्य को देखते हुए अप्रैल 2025 में राजकुमार को 'टीचर ऑफ द मंथ' अवार्ड से भी सम्मानित किया गया था। राजकीय शिक्षक सम्मान-2026 के लिए चयन होने से शिक्षक राजकुमार के साथ-साथ लखीसराय जिले के शिक्षा जगत में भी खुशी का माहौल है।