लखीसराय। शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची उत्पाद पुलिस की टीम पर शुक्रवार देर रात चानन थाना क्षेत्र के लाखोचक-बसमतिया गांव में लोगों ने हमला कर दिया। इस दौरान टीम के तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किए गए एक कथित शराब तस्कर को भी लोग पुलिस के कब्जे से छुड़ाकर ले गए। घटना के बाद इलाके में पुलिस और उत्पाद विभाग की सक्रियता बढ़ गई है।
शराब तस्कर को पकड़ने पहुंची थी उत्पाद टीम
जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग की टीम लाखोचक-बसमतिया गांव में शराब तस्करी से जुड़े मामले में कार्रवाई करने पहुंची थी। टीम ने एक व्यक्ति को शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया। इसके बाद वहां मौजूद कुछ लोगों ने उत्पाद टीम का विरोध शुरू कर दिया और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की व मारपीट कर गिरफ्तार व्यक्ति को छुड़ा लिया। हमले के दौरान उत्पाद पुलिस के तीन कर्मी रविश, ललन और सुधीर घायल हो गए। हालांकि, तीनों पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आई हैं।
शराब तस्कर की बाइक बरामद
घटना के दौरान गिरफ्तार आरोपी को लोग छुड़ाकर ले जाने में सफल रहे, लेकिन उत्पाद टीम ने शराब तस्कर की बाइक बरामद कर ली है। बरामद बाइक के आधार पर पुलिस अब आरोपी की पहचान और घटना में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। घटना के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने मामले को गंभीरता से लिया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम पर हमला करने वाले लोग कौन थे और गिरफ्तार आरोपी को छुड़ाने में किन-किन लोगों की भूमिका रही।
घायल पुलिसकर्मियों का सदर अस्पताल में इलाज
हमले में उत्पाद पुलिस के तीन पुलिसकर्मी कर्मी रविश कुमार, ललन कुमार और सुधीर कुमार घायल हो गए। तीनों पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आई हैं। घायल पुलिसकर्मियों का सदर अस्पताल में इलाज कराया गया।
एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई
उत्पाद विभाग के इंस्पेक्टर निर्मल कुमार ने बताया कि शराब तस्कर की पहचान की जा रही है। आरोपी की पहचान होने के बाद उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम पर हमला करने और गिरफ्तार व्यक्ति को छुड़ाकर ले जाने में शामिल लोगों की भी पहचान की जा रही है। घटना ने शराब तस्करी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल उत्पाद पुलिस बरामद बाइक और उपलब्ध जानकारी के आधार पर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।






