लखीसराय। राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लखीसराय की ओर से व्यापक जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। इसी क्रम में बुधवार को राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार वाहन रथ को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लखीसराय सैयद मोहम्मद शब्बीर आलम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मौके पर प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय लखीसराय पवन कुमार झा, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम रजनी कुमारी, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश सीमा भारतीय, जिला एवं अपर न्यायाधीश सिद्धार्थ पांडे, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी आशीष कुमार अग्निहोत्री, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विधानन्द सागर, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी शिप्रा कुमारी सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारी मौजूद रहे। जिला विधिक संघ के अध्यक्ष सुबोध कुमार भी मौके पर मौजूद रहें।

जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश
जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीशफोटो: लखीसराय लाइव
advertisement

इस दौरान डालसा कर्मियों के साथ-साथ पीएलवी (पैरा लीगल वॉलंटियर्स) भी उपस्थित रहे। प्रचार वाहन के माध्यम से जिले के सुदूर इलाकों तक पहुंचकर आम लोगों को 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में जानकारी दी जाएगी। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विद्यानंद सागर ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के मामलों को आपसी सुलह और समझौते के आधार पर निपटाने का प्रयास किया जाएगा। इनमें फौजदारी मामले, प्ली बारगेनिंग, बैंक रिकवरी एवं वित्तीय मामले, लोन रिकवरी, एनपीए, सक्सेशन केस, मोटर दुर्घटना दावा वाद, ट्रैफिक चालान एवं ई-चालान, सर्विस मैटर, श्रम विवाद, भूमि अधिग्रहण वाद, राजस्व वाद, बिजली एवं पानी बिल, टेलीफोन बिल आदि शामिल हैं। इसके अलावा स्थायी लोक अदालत के मामले, वैवाहिक विवाद (तलाक के मामलों को छोड़कर), पारिवारिक विवाद, प्री-एफआईआर मेडिएशन, घरेलू हिंसा से जुड़े विवाद, वाणिज्यिक मामले, आर्बिट्रेशन केस, उपभोक्ता मामले, सिविल विवाद तथा मध्यस्थता के लिए उपयुक्त अन्य मामलों को भी टेकअप किया जाएगा। प्रचार वाहन के माध्यम से संबंधित पक्षकारों तक राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी पहुंचाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें और आपसी सहमति से अपने मामलों का त्वरित समाधान करा सकें।