लखीसराय के कबैया थाना क्षेत्र में युवक सचिन कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में सोनम देवी, उसके पति निलेश कुमार, निलेश के पिता पंकज सिंह और शव को ठिकाने लगाने में सहयोग करने वाला रंजय कुमार शामिल है। वहीं, मामले में नामजद मनीष कुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। सचिन कुमार बुधवार से लापता था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसके बाद गुरुवार को कबैया थाना क्षेत्र के मकुना इलाके में झाड़ियों के पास बोरे में बंद शव मिलने से सनसनी फैल गई। बाद में शव की पहचान बाईपास रोड, पचना रोड क्षेत्र निवासी लखन यादव के 29 वर्षीय पुत्र सचिन कुमार के रूप में हुई।

रोते बिलखते परिजन
रोते बिलखते परिजन फोटो: लखीसराय लाइव
advertisement

किराए के मकान में हत्या का आरोप

मृतक के पिता के बयान पर दर्ज प्राथमिकी में सोनम देवी, निलेश कुमार और मनीष कुमार को नामजद किया गया। प्राथमिकी में सचिन और सोनम के बीच कथित अवैध संबंध को हत्या की वजह बताया गया है। बताया गया कि सोनम और उसका पति निलेश शहर के गोसाई टोला स्थित एक किराए के मकान में रह रहे थे। सचिन का वहां आना-जाना था। इसी दौरान दोनों के बीच संबंध और पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद बढ़ने की बात सामने आई। इसी विवाद में सचिन को किराए के मकान में बुलाकर हत्या किए जाने का आरोप है।

गला घोंटकर हत्या और शव ठिकाने लगाने का आरोप

मामले में आरोप है कि सचिन की हत्या करने के बाद शव को बोरे में बंद किया गया। इसके बाद बाइक से शव को मकुना इलाके में ले जाकर सुनसान स्थान पर फेंक दिया गया। शव को ठिकाने लगाने की गतिविधि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की बात भी सामने आई है। फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई। घटनास्थल से पुलिस ने साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।

मृतक युवक की फाइल फोटो
मृतक युवक की फाइल फोटो फोटो: लखीसराय लाइव

चार आरोपित गिरफ्तार, मनीष की तलाश

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सोनम देवी, निलेश कुमार, पंकज सिंह और रंजय कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर हत्या की पूरी घटना, साजिश और शव को ठिकाने लगाने में प्रत्येक की भूमिका की जानकारी जुटा रही है। वहीं, प्राथमिकी में नामजद मनीष कुमार की गिरफ्तारी अभी बाकी है। पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। इसके साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हत्या की घटना में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।

पुलिस जुटा रही वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्य

कबैया थाना पुलिस ने मामले की जांच में तकनीकी अनुसंधान और सीसीटीवी फुटेज को भी आधार बनाया है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के साथ-साथ वारदात में इस्तेमाल बाइक और अन्य सामान की भी जांच की जा रही है। मामले में हत्या की वास्तविक वजह, घटना में शामिल सभी लोगों की भूमिका और वारदात के बाद शव को ठिकाने लगाने की पूरी कड़ी को पुलिस जोड़ने में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।