लखीसराय। जिले के बड़हिया थाना क्षेत्र से चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। कल्याणपुर गांव में अज्ञात चोरों ने किसान टनटन सिंह के घर में घुसकर करीब 20 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पीड़ित परिवार सदमे में है। जानकारी के अनुसार, किसान टनटन सिंह अपनी पत्नी रानी देवी के साथ घर में रहते हैं। उनके बेटे और बेटियां बाहर रहते हैं। शनिवार की देर रात करीब 11 बजे के बाद चोरों ने घर में प्रवेश किया और सीधे आलमारी का लॉकर तोड़ दिया। चोर लॉकर में रखे ₹10 लाख नकद, जो बेटी की शादी के लिए जमा किए गए थे, तथा करीब आठ भर सोने के जेवरात लेकर फरार हो गए। सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार के होश उड़ गए और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।

घटना की सूचना मिलते ही बड़हिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घर का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई है। पीड़ित किसान टनटन सिंह का कहना है कि चोरी हुए नकद और जेवरात वह अपनी बेटी की शादी के लिए वर्षों की मेहनत से जमा किए थे। एक ही रात में चोरों ने उनकी पूरी जमा-पूंजी पर हाथ साफ कर दिया, जिससे परिवार गहरे सदमे में है।

बड़हिया थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी इलाके में कई चोरी की वारदातें हो चुकी हैं, लेकिन अधिकांश मामलों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। अब सभी की निगाहें बड़हिया पुलिस की जांच पर टिकी हैं। देखना होगा कि पुलिस इस हाई-प्रोफाइल चोरी का खुलासा कब तक कर पाती है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में कितनी सफल होती है।







