लखीसराय। मेदनी चौकी थाना पुलिस को गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने हुसैना गांव में छापेमारी कर अंतरजिला गांजा तस्कर गिरोह के 5 सदस्यों को 9 किलो गांजा, एक बाइक और 6 मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खगड़िया जिला निवासी संटू पासवान और रोशन कुमार, जबकि लखीसराय जिला निवासी संजय कुमार, गौतम कुमार और राहुल कुमार के रूप में की गई है। एसीडीपीओ शिवम कुमार ने बताया कि मेदनी चौकी थाना पुलिस को मद्य निषेध एवं स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, पटना से सूचना मिली थी कि कुछ लोगों द्वारा मेदनी चौकी थाना क्षेत्र के हुसैना गांव में गांजा की खरीद-बिक्री की जानी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने हुसैना गांव में कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने हुसैना गांव स्थित पंचायत भवन के समीप छापेमारी की। इस दौरान दो संदिग्ध तस्करों को मौके से गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद एक बैग से कुल 9 किलो गांजा बरामद किया गया। इसी दौरान तीन बाइक सवार संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस बल ने पीछा कर तीनों को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, तीनों गांजा खरीदने के लिए वहां पहुंचे थे।

खगड़िया से लखीसराय पहुंचाई जा रही थी गांजे की खेप
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजे की बड़ी खेप खगड़िया से लखीसराय लाई जा रही थी, जिसके बाद इसे जिले के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई किया जाना था। इस कार्रवाई से अंतरजिला स्तर पर सक्रिय गांजा तस्करी नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच कर रही है। गांजा कहां से लाया गया, किन लोगों तक पहुंचाया जाना था और इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।






