लखीसराय। सदर अस्पताल के एनआरसी वार्ड में एक महिला सफाईकर्मी का शव पंखे से लटका मिलने के बाद अस्पताल परिसर में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान नगर थाना क्षेत्र के दामोदरपुर गांव निवासी 25 वर्षीय सुमन कुमारी के रूप में हुई है। सदर अस्पताल में महिला सफाईकर्मी की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ शिवम कुमार, कबैया थाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की जांच करते हुए आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतका के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। शव को देखने के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। परिजनों ने अस्पताल में कार्यरत सफाईकर्मी नीतीश कुमार पर सुमन कुमारी को दबाव में रखने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। परिजनों ने करीब दो घंटे तक शव को रोककर एसडीपीओ शिवम कुमार से मामले की जांच कराने और न्याय दिलाने की मांग की। इसके बाद एसडीपीओ ने परिजनों को समझाया और कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

रोते बिलखते परिजन
रोते बिलखते परिजन फोटो: लखीसराय लाइव
advertisement

CCTV और मोबाइल से खुलेगा राज

घटना के बाद अब पुलिस के सामने मौत की वजह को लेकर कई सवाल हैं। परिजनों के आरोपों की बातों पर गौर किया जाए मृतका और अस्पताल में कार्यरत किसी व्यक्ति के बीच व्यक्तिगत या कथित संबंध की भी बात सामने आ रही है। हालांकि, अभी तक पुलिस की ओर से किसी कथित संबंध की पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस के मुताबिक मृतका का मोबाइल फोन अहम सुराग माना जा रहा है। पुलिस ने मोबाइल जब्त कर लिया है और कॉल डिटेल, चैट तथा अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। इससे यह पता लगाने में मदद मिल सकती है कि घटना से पहले मृतका किन लोगों के संपर्क में थी और उसके साथ किसी तरह का दबाव या विवाद तो नहीं चल रहा था। इसके साथ ही सदर अस्पताल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। घटना से पहले और बाद में NRC वार्ड के आसपास कौन-कौन लोग पहुंचे, मृतका की किन लोगों से मुलाकात हुई और घटना के समय वहां कौन मौजूद था—CCTV से इन सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है। एसडीपीओ शिवम कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मोबाइल जब्त कर उसकी डिटेल खंगाली जा रही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं सदर अस्पताल प्रबंधन पर भी परिजनों की ओर से लापरवाही के आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, इन आरोपों की भी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि सुमन कुमारी की मौत के पीछे वास्तविक वजह क्या थी? क्या यह आत्महत्या का मामला है, किसी मानसिक दबाव का परिणाम है या फिर इसके पीछे कोई अन्य वजह छिपी है? इसका खुलासा पुलिस की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल की जांच और CCTV फुटेज से होने की उम्मीद है।

मृतका सफाईकर्मी सुमन कुमारी
मृतका सफाईकर्मी सुमन कुमारी फोटो: लखीसराय लाइव
घटनास्थल पर मौजूद कबैया थाना की पुलिस
घटनास्थल पर मौजूद कबैया थाना की पुलिस फोटो: लखीसराय लाइव