लखीसराय। जिले के सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। लखीसराय सदर अस्पताल ICU सेवा की शुरुआत के साथ अब गंभीर मरीजों को जिले में ही बेहतर और आधुनिक उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी। बुधवार को चार बेड वाले मॉर्डन आईसीयू (इंटेंसिव केयर यूनिट) का विधिवत उद्घाटन किया गया। डीएम शैलेंद्र कुमार ने फीता काटकर आईसीयू सेवा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. जय प्रकाश सिंह, उपाधीक्षक डां अमित, अस्पताल के चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। राज्य सरकार के स्वास्थ्य सेवा विस्तार कार्यक्रम के तहत पटना से आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आईसीयू सेवाओं का शुभारंभ किया गया। इसी क्रम में लखीसराय सदर अस्पताल ICU सेवा भी औपचारिक रूप से शुरू हुई। अस्पताल प्रशासन के अनुसार नया आईसीयू अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों और आधुनिक मॉनिटरिंग सिस्टम से सुसज्जित है, जिससे गंभीर रूप से बीमार मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा।
गंभीर मरीजों को मिलेगा जिले में ही इलाज
डीएम शैलेंद्र कुमार ने कहा कि आईसीयू सेवा शुरू होने से जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। अब गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए पटना, दरभंगा या अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे मरीजों का समय बचेगा और इलाज पर होने वाला अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी कम होगा। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को आईसीयू के सुचारु संचालन और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सिविल सर्जन डॉ. जय प्रकाश सिंह ने बताया कि आईसीयू के संचालन के लिए प्रशिक्षित चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ की चौबीसों घंटे तैनाती की गई है। मरीजों की लगातार निगरानी के लिए आवश्यक जीवनरक्षक उपकरण और आधुनिक मॉनिटरिंग सिस्टम स्थापित किए गए हैं। आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने की पूरी व्यवस्था की गई है।

रेफरल में आएगी कमी, मरीजों को होगा लाभ
अस्पताल प्रशासन के अनुसार आईसीयू शुरू होने से सड़क दुर्घटना, हृदय रोग, ब्रेन स्ट्रोक, गंभीर संक्रमण और अन्य जटिल बीमारियों से पीड़ित मरीजों को जिले में ही बेहतर इलाज मिल सकेगा। इससे रेफरल की संख्या में कमी आएगी और मरीजों की जान बचाने में भी मदद मिलेगी।स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे लखीसराय जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया है। लोगों का कहना है कि आधुनिक ICU सुविधा शुरू होने से जिले के हजारों मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा और उन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।






