लखीसराय: ललन सिंह की पहल पर लखीसराय जिले को एक बार फिर बड़ी रेल सौगात मिली है। यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्व रेलवे ने हावड़ा और नतेसर के बीच स्पेशल ट्रेन संख्या 03029/03030 चलाने का आदेश जारी किया है। इस ट्रेन की सबसे खास बात यह है कि लखीसराय जिले के चार महत्वपूर्ण स्टेशनों—अभयपुर, किऊल, अशोकधाम और बड़हिया पर इसका ठहराव दिया गया है। इससे जिले के हजारों रेल यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है। रेलवे की ओर से 8 अगस्त 2026 को जारी आदेश के अनुसार 03029 हावड़ा-नतेसर स्पेशल ट्रेन का परिचालन 10 अगस्त 2026 से शुरू होगा, जबकि वापसी में 03030 नतेसर-हावड़ा स्पेशल 11 अगस्त से चलेगी। यह ट्रेन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार फरवरी 2027 तक संचालित की जाएगी।
लखीसराय के चार स्टेशनों पर ठहरेगी ट्रेन
इस स्पेशल ट्रेन का ठहराव जिले के अभयपुर, किऊल जंक्शन, अशोकधाम और बड़हिया स्टेशन पर दिया गया है। रेलवे के समय-सारणी के मुताबिक हावड़ा से नतेसर जाने वाली ट्रेन अभयपुर में सुबह 7:54 से 7:56 बजे, किऊल जंक्शन में 9:25 से 9:30 बजे, अशोकधाम में 9:41 से 9:42 बजे और बड़हिया में 9:54 से 9:55 बजे तक रुकेगी। वहीं नतेसर से हावड़ा जाने वाली ट्रेन बड़हिया में शाम 4:53 से 4:54 बजे, अशोकधाम में 5:06 से 5:07 बजे और किऊल जंक्शन में 5:30 से 5:35 बजे तक ठहरेगी। अभयपुर स्टेशन पर वापसी में ट्रेन का ठहराव शाम 5:56 से 5:58 बजे निर्धारित है।

ललन सिंह की पहल से यात्रियों को मिलेगी राहत
पूर्व जिला परिषद सदस्य सह समाजसेवी आशुतोष कुमार ने कहा कि केंद्रीय मंत्री सह मुंगेर सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह अपने संसदीय क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को लेकर लगातार सक्रिय रहते हैं। उनके अनुसार, ललन सिंह की पहल पर चार महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव मिलना क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन के परिचालन से लखीसराय, मुंगेर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को हावड़ा सहित रास्ते में पड़ने वाले प्रमुख शहरों तक जाने में काफी सहूलियत होगी। खासकर किऊल और अभयपुर जैसे प्रमुख रेलवे स्टेशनों के साथ अशोकधाम और बड़हिया को जोड़ने से स्थानीय यात्रियों को अतिरिक्त रेल विकल्प मिलेगा।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का जताया आभार
वहीं, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने इस रेल सुविधा के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे द्वारा उठाए गए इस कदम को महत्वपूर्ण बताया। रेलवे के आदेश के अनुसार यह ट्रेन ट्रेन ऑन डिमांड (TOD) स्पेशल के तौर पर संचालित होगी और दोनों दिशाओं में 79-79 ट्रिप निर्धारित किए गए हैं। ट्रेन में कुल 14 कोच होंगे। इस रेल सुविधा के शुरू होने से लखीसराय जिले के चार स्टेशनों के यात्रियों को हावड़ा, भागलपुर, सुल्तानगंज, जमालपुर, राजगीर समेत कई प्रमुख शहरों के लिए अतिरिक्त यात्रा विकल्प उपलब्ध होगा।






