लखीसराय: पिपरिया प्रखंड की सैदपुरा पैक्स में चुनाव से ठीक पहले 2499 मतदाताओं के मतदान केंद्र बदले जाने को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि मतदाताओं को उनके पूर्व निर्धारित मतदान केंद्रों से हटाकर करीब 25 किलोमीटर दूर रहाटपुर समेत अन्य मतदान केंद्रों पर स्थानांतरित कर दिया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, सैदपुरा एवं रहाटपुर क्षेत्र के मतदाता वर्षों से अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर मतदान करते आ रहे हैं। वर्ष 2014 और 2021 के पैक्स चुनाव में भी मतदाताओं ने इन्हीं मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। आरोप है कि इस बार बिना पर्याप्त सूचना और संबंधित अभ्यर्थियों की राय लिए मतदान केंद्रों में बदलाव किया गया है। ग्रामीणों का दावा है कि 2499 मतदाताओं का क्रमवार विभाजन कर कई मतदाताओं को सैदपुरा से रहाटपुर एवं अन्य मतदान केंद्रों पर भेज दिया गया है। उनका कहना है कि सैदपुरा पंचायत का भौगोलिक क्षेत्र काफी विस्तृत है और पवई से रहाटपुर की दूरी करीब 25 किलोमीटर है।

डीएम से मिलने आए सैदपुरा पंचायत के ग्रामीण
डीएम से मिलने आए सैदपुरा पंचायत के ग्रामीण फोटो: लखीसराय लाइव
advertisement

बाढ़ के बीच नाव से मतदान को लेकर उठे सवाल

ग्रामीणों ने रहाटपुर को दियारा क्षेत्र बताते हुए कहा कि वर्तमान में इलाके में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में यदि मतदाताओं को नाव के जरिए मतदान केंद्र तक जाना पड़ा तो उनकी सुरक्षा बड़ी चुनौती होगी। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि नाव की व्यवस्था कौन करेगा, मतदाताओं को लाइफ जैकेट कौन उपलब्ध कराएगा और किसी तरह की नाव दुर्घटना होने पर इसकी जवाबदेही किसकी होगी? ग्रामीणों का कहना है कि इन जमीनी परिस्थितियों को ध्यान में रखे बिना मतदान केंद्रों में बदलाव किया गया है। इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को आवेदन देकर पूरे मामले की जांच कराने तथा मतदाताओं को पूर्व निर्धारित और सुविधाजनक मतदान केंद्रों पर मतदान की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है। इस मौके पर ग्रामीण राजेश कुमार, गणेश कुमार, अलख निरंजन, रौशन कुमार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।