लखीसराय जिले के बड़हिया के लिए आज का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब 200 बेड वाले अत्याधुनिक सुपर मल्टी-स्पेशलिटी “बाल्मीकि सिंह मेमोरियल हॉस्पिटल” के निर्माण कार्य की विधिवत शुरुआत हुई। बड़हिया नगर के सीमांत क्षेत्र में पचमहला ओपी के समीप सवा 4 बीघा भूमि पर बनने जा रहे इस भव्य अस्पताल का भूमि पूजन वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना की पहल विश्वस्तरीय कंपनी Holtec International के प्रेसिडेंट एवं सीईओ, बड़हिया की धरती के लाल और प्रसिद्ध वैज्ञानिक डॉ. कृष्णपाल सिंह द्वारा की गई है। न्यूक्लियर एनर्जी के क्षेत्र में 350 से अधिक पेटेंट्स रखने वाले डॉ. सिंह अपने पिता की स्मृति में इस अस्पताल का निर्माण करा रहे हैं।

परियोजना के तहत 5 तल्लों वाली कुल 5 इमारतें बनाई जाएंगी, जिनमें अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य शिक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा। अत्याधुनिक अस्पताल के साथ-साथ इसमें ANM, GNM, BSC नर्सिंग कॉलेज भी खोला जा रहा है।
यह अस्पताल न केवल बड़हिया बल्कि लखीसराय और आसपास के जिलों के लोगों के लिए एक बड़ा स्वास्थ्य केंद्र साबित होगा। भूमि पूजन कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। सभी ने इस पहल को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।

इस पूरे प्रोजेक्ट को जमीन पर उतारने में बड़हिया निवासी सौरभ कुमार की भूमिका काफी अहम रही है। उन्होंने तत्कालीन डीएम संजय कुमार और डीडीसी निखिल धनराज से लगातार संपर्क में रहकर इस योजना को आगे बढ़ाने में मदद की। साथ ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए डॉ. कृष्णपाल सिंह के साथ कई दौर की बैठकों के बाद इस परियोजना को आकार दिया गया। वहीं सौरव ने बताया की पटना हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता नवीन कुमार सिंह की जमीन अधिग्रहण में आ रही समस्याओं को सुलझाने में महती भूमिका रही है।
सौरभ कुमार ने कहा, “आज बड़हिया के लिए ऐतिहासिक दिन है। 5 साल पहले वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जो वादे हुए थे, डॉ. कृष्णपाल सिंह उससे भी बढ़कर अपनी जन्मभूमि के लिए कर रहे हैं। यह हम सभी के लिए गर्व की बात है।”
इस मल्टी-स्पेशलिटी अस्पताल के निर्माण से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है, जिससे हजारों लोगों को बेहतर और आधुनिक इलाज की सुविधा मिल सकेगी।









