बिहार के लखीसराय जिले से इस वक्त बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है, जहां दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना बड़हिया थाना क्षेत्र के पहाड़पुर स्थित एनएच-80 के समीप बजरंग बली मंदिर के पास की है, जहां अपराधियों ने आधा दर्जन से अधिक राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दी। मिली जानकारी के अनुसार, कुख्यात टीटू धमाका गिरोह के सदस्यों ने इलाके में पहुंचकर पहले विवाद किया और फिर देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मामूली कहासुनी के बाद अपराधियों ने कई लोगों के साथ मारपीट की और उसके बाद अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं।

घटना की सूचना मिलते ही बड़हिया थाना अध्यक्ष बृजमोहन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ा हुआ था कि उन्होंने थानाध्यक्ष पर भी हथियार तान दिया। इसके बाद सभी आरोपी स्कॉर्पियो वाहन पर सवार होकर खुटहा दियारा की और फरार हो गए। घटनास्थल से पुलिस ने कई खोखे बरामद किए हैं, जिससे फायरिंग की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

बताया जा रहा है कि मंदिर के समीप एक गुमटी में संदिग्ध गतिविधियां होती हैं, जहां इस विवाद की शुरुआत हुई। एसडीपीओ शिवम कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और पूरे इलाके की नाकेबंदी कर दी गई है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी है।
दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस इलाके को सील कर सघन तलाशी अभियान चला रही है।









