लखीसराय जिले में ग्रामीण इलाकों को रोशन करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल शुरू हुई है। Oil and Natural Gas Corporation (ओएनजीसी) के कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) फंड के तहत कार्य कर रही राष्ट्रीय ग्रामीण विकास निधि के सहयोग से जिले में सौर ऊर्जा आधारित लाइट लगाने की योजना धरातल पर उतरने लगी है।
जिला परिषद क्षेत्र संख्या 7 के सदस्य अमित कुमार उर्फ चिक्कू की पहल पर इस योजना की शुरुआत बुधवार को बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर किऊल-खगौर पंचायत स्थित केंद्रीय विद्यालय के पीछे खेल मैदान में पहले सोलर लाइट के उद्घाटन के साथ हुई।

इस मौके पर स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखा गया। जिप सदस्य अमित चिक्कू ने बताया कि करीब छह माह पहले एनजीओ के प्रतिनिधियों से उनकी मुलाकात हुई थी, जिसके बाद उन्होंने अपने क्षेत्र के सभी वार्डों में सौर ऊर्जा लाइट लगाने का प्रस्ताव रखा। इस पहल को स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्र के सभी वार्डों में एक-एक लाइट लगाने की योजना बनाई गई है, जबकि अधिक आबादी वाले वार्डों में दो लाइट भी लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि लाइट लगाने के लिए स्थान का चयन पहले ही कर लिया गया था और अब चरणबद्ध तरीके से कार्य शुरू हो चुका है।

लखीसराय सदर प्रखंड के अंतर्गत आने वाले छह पंचायत- खगौर, गढ़ी विशनपुर, साबिकपुर, बालगुदर, अमहरा और मोरमा—में यह सोलर लाइट लगाई जानी है। अमित चिक्कू ने दावा किया कि यह लखीसराय जिले का पहला जिला परिषद क्षेत्र होगा, जहां CSR फंड के माध्यम से बड़े पैमाने पर सौर ऊर्जा लाइट स्थापित की जा रही है। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रात के समय आवागमन सुरक्षित होगा और बिजली की समस्या से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। स्थानीय निवासी गोविंद कुमार गुप्ता ने बताया कि लगाए गए लाइट की गुणवत्ता अच्छी है और इसकी रोशनी भी पर्याप्त है। उन्होंने कहा कि इससे खासकर बच्चों और बुजुर्गों को रात के समय काफी सुविधा होगी। सौर ऊर्जा लगाए जाने मौके पर चंदन मंडल, संजय गुप्ता, गुड्डू राम, पैक्स प्रतिनिधि मणिकांत यादव, दारो बिंद मौजूद थे।
ग्रामीणों को मिलेगा सीधा लाभ
इस योजना के तहत लगाए जा रहे सोलर लाइट न केवल ऊर्जा की बचत करेंगे, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी मददगार साबित होंगे। साथ ही, जिन क्षेत्रों में बिजली की उपलब्धता कम है, वहां यह पहल ग्रामीण जीवन को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।








