लखीसराय: अनुमंडल कार्यालय में बुधवार को अनुमंडल स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में की। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों, लंबित मामलों और जनसमस्याओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान लगभग सभी विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग की समस्याओं और प्रगति रिपोर्ट से एसडीओ को अवगत कराया। इस दौरान कई मामलों के त्वरित निष्पादन और लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। एसडीओ प्रभाकर कुमार ने पूर्व में आयोजित समीक्षा बैठक के अनुपालन की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों का बेहतर तरीके से पालन किया गया है, जो प्रशासनिक कार्यशैली में सकारात्मक संकेत है। हालांकि बैठक में बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहने वाले कुछ पदाधिकारियों पर अनुमंडल पदाधिकारी ने नाराजगी जताई। ऐसे अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश जारी किया गया है।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर आगे भी कार्रवाई की जा सकती है। बैठक में लोक शिकायत, आपूर्ति, स्वास्थ्य, शिक्षा, नगर परिषद, कृषि, समाज कल्याण, विद्युत, भवन निर्माण, पीएचईडी सहित कई विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे। समीक्षा बैठक का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों के कार्यों में समन्वय स्थापित कर आम लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित करना था।








