गढ़ी बिशनपुर के पास ई-रिक्शा पलटा,गोविंदपुर से लखीसराय आ रही थीं महिलाएं, सदर अस्पताल में चल रहा इलाज
लखीसराय नगर थाना क्षेत्र के गढ़ी बिशनपुर पेट्रोल पंप के समीप रविवार की सुबह एक सड़क हादसे में ई-रिक्शा पलट जाने से उस पर सवार तीन महिलाएं घायल हो गईं। हादसा उस समय हुआ जब चलती ई-रिक्शा का एक पहिया अचानक निकल गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े और घायलों को वाहन से बाहर निकाला। घायलों की पहचान सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के रामपुर गोविंदपुर गांव निवासी तनिक मंडल की पत्नी अनिया देवी, विपिन महतो की पत्नी बेबी देवी तथा कमल किशोर सिंह की पत्नी प्रतिमा देवी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सभी महिलाएं अपने गांव गोविंदपुर से किसी काम से ई-रिक्शा पर सवार होकर लखीसराय आ रही थीं। इसी दौरान गढ़ी बिशनपुर पेट्रोल पंप के पास अचानक ई-रिक्शा का पहिया निकल गया और वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता
हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीरों ने मानवता का परिचय देते हुए सभी घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए सदर अस्पताल लखीसराय पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि एक महिला का इलाज परिजनों द्वारा निजी क्लीनिक में कराया जा रहा है, जबकि दो महिलाओं का उपचार सदर अस्पताल में जारी है।









