लखीसराय जिला परिषद कार्यालय शुक्रवार को उस समय चर्चा का केंद्र बन गया जब फाइल को लेकर शुरू हुआ विवाद हंगामे और मारपीट के आरोपों तक पहुंच गया। घटना के बाद जिला परिषद कार्यालय में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। एक ओर जिला परिषद अध्यक्ष के पति एवं जिला परिषद ग्रामीण कार्य समिति के सदस्य रोहित कुमार ने हिमांशु कुमार और उनके समर्थकों पर मारपीट, फाइल फाड़ने और हंगामा करने का आरोप लगाया है, वहीं दूसरी ओर हिमांशु कुमार ने खुद के साथ मारपीट और बदसलूकी किए जाने का दावा किया है। मामले की सूचना मिलने पर कबैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

रोहित कुमार ने लगाए मारपीट और हंगामे के आरोप
जिला परिषद अध्यक्ष अंशु कुमारी के पति सह जिला परिषद ग्रामीण कार्य समिति के सदस्य रोहित कुमार ने आरोप लगाया कि जिला परिषद क्षेत्र संख्या-3 के प्रतिनिधि हिमांशु कुमार अपने समर्थकों के साथ कार्यालय पहुंचे और एक विशेष फाइल की मांग करने लगे। जब कर्मियों ने बताया कि संबंधित फाइल उनके पास उपलब्ध नहीं है और वह डीडीसी अथवा अध्यक्ष स्तर पर रहती है, तब विवाद शुरू हो गया। रोहित कुमार का आरोप है कि इसके बाद कार्यालय में हंगामा किया गया, महत्वपूर्ण फाइलों को फाड़ दिया गया तथा कुर्सियों को नुकसान पहुंचाया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि कार्यालय कर्मियों के साथ गाली-गलौज और दुर्व्यवहार किया गया तथा उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं सरकारी कार्यालय की गरिमा के खिलाफ हैं।

पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष रविरंजन कुमार उर्फ टनटन ने जताई चिंता
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष रविरंजन कुमार उर्फ टनटन ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन किसी भी परिस्थिति में मारपीट उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में इस तरह की घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में हुई चर्चित घटना का जिक्र करते हुए कहा कि वहां कार्यालय परिसर में दो लोगों की हत्या तक हो चुकी है। ऐसे में जिला परिषद कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

हिमांशु कुमार ने लगाया बदसलूकी और मारपीट का आरोप
इधर हिमांशु कुमार ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह हर दिन की तरह जिला परिषद क्षेत्र संख्या-8 के सदस्य भानू कुमार के साथ कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि जिला परिषद सदस्य भानू कुमार की एक महत्वपूर्ण फाइल लंबे समय से कार्यालय से गायब है।हिमांशु कुमार के अनुसार, जब उन्होंने और भानू कुमार ने संबंधित फाइलों के बारे में जानकारी मांगी तो वहां मौजूद रोहित कुमार ने उनके साथ बदसलूकी शुरू कर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद रोहित कुमार के समर्थकों द्वारा उनके साथ मारपीट की गई। हिमांशु कुमार ने कहा कि वे केवल अपने क्षेत्र और जनहित से जुड़े मामलों की जानकारी लेने कार्यालय पहुंचे थे और किसी प्रकार का हंगामा नहीं किया।
भानू कुमार ने योजनाओं की जांच की मांग का उठाया मुद्दा
जिला परिषद क्षेत्र संख्या-8 के सदस्य भानू कुमार ने कहा कि उनकी एक महत्वपूर्ण फाइल लंबे समय से उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जिसको लेकर वे लगातार जानकारी मांग रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिला परिषद की कई योजनाओं में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग को लेकर प्रधान सचिव को पत्र भेजा गया है। भानू कुमार का कहना है कि जनप्रतिनिधियों को अपने क्षेत्र से जुड़ी फाइलों और योजनाओं की जानकारी लेने का अधिकार है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और संबंधित फाइलों की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
पुलिस जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने के बाद कबैया थाना पुलिस जिला परिषद कार्यालय पहुंची और दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने कार्यालय कर्मियों एवं अन्य लोगों से भी पूछताछ की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से प्राप्त आवेदन, उपलब्ध साक्ष्य और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे घटनाक्रम को लेकर जिला परिषद कार्यालय की कार्यप्रणाली, फाइलों के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।









