लखीसराय। जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत STF और लखीसराय पुलिस की डीआईयू टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त छापेमारी अभियान में तीन हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान हथियारों के साथ भारी मात्रा में जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। जानकारी के अनुसार, STF और डीआईयू टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कबैया थाना क्षेत्र के किऊल बस्ती के समीप छापेमारी की। इस दौरान दुर्गी मंडल नामक एक कथित बड़े आर्म्स सप्लायर को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस टीम ने इसके बाद जिले के दो अन्य स्थानों पर भी छापेमारी की, जहां से दो और संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। इस तरह संयुक्त अभियान में कुल तीन लोगों की गिरफ्तारी हुई है।
लखीसराय की पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रेरणा कुमार ने बताया कि सूचना के आधार पर STF और लखीसराय पुलिस की डीआईयू टीम ने अलग-अलग स्थानों पर संयुक्त कार्रवाई की है। छापेमारी के दौरान हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एसपी ने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की विस्तृत जानकारी प्रेस ब्रीफिंग के माध्यम से साझा की जाएगी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियारों की तस्करी का नेटवर्क कितना बड़ा है और इसके तार किन-किन इलाकों से जुड़े हुए हैं। STF और पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अवैध हथियार कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। मामले की आगे की जांच जारी है।






