लखीसराय में जिला स्तरीय कृषि टास्क फोर्स की बैठक, योजनाओं की प्रगति पर हुई विस्तृत समीक्षा
लखीसराय। डीएम शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला स्तरीय कृषि टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि एवं संबद्ध विभागों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति, लक्ष्य और उपलब्धियों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक के दौरान जिला कृषि कार्यालय, मिट्टी जांच कार्यालय, उद्यान विभाग, भूमि संरक्षण विभाग, सांख्यिकी विभाग, आत्मा, मत्स्य विभाग, गव्य विकास विभाग तथा वन प्रक्षेत्र कार्यालय द्वारा संचालित योजनाओं की अद्यतन स्थिति से जिला पदाधिकारी को अवगत कराया गया।

अधिकारियों ने योजनाओं के क्रियान्वयन, लाभुकों की संख्या, लक्ष्य एवं उपलब्धियों से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र लाभुकों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के अंतर्गत किए गए कार्यों का नियमित भ्रमण एवं भौतिक सत्यापन जरूरी है, ताकि योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंचे और कृषि क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाई जाए तथा अधिक से अधिक किसानों और लाभुकों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि कृषि एवं संबद्ध योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी कुंदन कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।









