राजा कुमार हत्याकांड में पुलिस का बड़ा खुलासा, पूछताछ में आरोपियों ने कबूला जुर्म, बीते 4 मई को हुई थी हत्या
लखीसराय। कबैया थाना क्षेत्र में 4 मई 2026 की रात हुई युवक राजा कुमार की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य अभियुक्त ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है। पुलिस अब भी इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।
जानकारी के अनुसार, 5 मई 2026 को मृतक राजा कुमार उर्फ राजा के पिता टुनटुन यादव ने कबैया थाना में आवेदन देकर बताया था कि 4 मई की रात कुछ लोग उनके पुत्र को जबरन बहियार में ले गए, जहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और बाद में उसकी हत्या कर दी गई। मामले को लेकर कबैया थाना कांड संख्या 177/26 दर्ज किया गया। इस कांड में बीएनएसएस की धारा 103(1)/3(5) के तहत 13 नामजद अभियुक्तों को आरोपित बनाया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने 12 मई को अप्राथमिकी अभियुक्त नीतीश कुमार और सौरभ कुमार को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, पुलिस की लगातार दबिश के कारण मुख्य अभियुक्त संजय यादव ने लखीसराय न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस रिमांड के दौरान हुई पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों एवं आत्मसमर्पण करने वाले मुख्य अभियुक्त ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पूछताछ में खुलासा हुआ कि घटना से कुछ दिन पहले संजय यादव का पानी का मोटर चोरी हो गया था। इसी चोरी के शक में राजा कुमार को बुलाया गया और उस पर चोरी स्वीकार करने का दबाव बनाया जाने लगा। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपित पक्ष के लोगों ने मिलकर राजा कुमार की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में नीतीश कुमार (24 वर्ष), पिता संजय यादव एवं सौरभ कुमार शामिल हैं। दोनों किउल बस्ती, थाना कबैया, जिला लखीसराय के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने यह भी बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त नीतीश कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके विरुद्ध कबैया थाना में पूर्व से कई गंभीर मामले दर्ज हैं।









