लखीसराय : लखीसराय-हलसी मुख्य मार्ग पर एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। यह दर्दनाक घटना बुधवार देर शाम गिद्धा और कोली गांव के बीच हुई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

मिली जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर सवार तीन युवक हलसी थाना क्षेत्र के राता गांव में दरबारी महतो के यहां तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान गिद्धा और कोली गांव के बीच बाइक, सीएनजी ऑटो और टाटा मैजिक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ओवरटेक करने के दौरान यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतकों की पहचान जमुई जिले के लछुआड़ फतेहपुर निवासी संदीप महतो के पुत्र कौशल कुमार और बरबीघा निवासी सोहरायन महतो के रूप में की जा रही है। वहीं घायल विक्की कुमार (17 वर्ष), जो राता गांव का रहने वाला है, जिसका इलाज सदर अस्पताल लखीसराय करवाने के बाद चिकित्सकों ने उसे पटना रेफर कर दिया।

घटना के बाद कुछ देर के लिए लखीसराय-हलसी मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही बीडीओ अर्पित आनंद, रामगढ़ चौक थानाध्यक्ष चुन्नू कुमार और हलसी के अपर थानाध्यक्ष रंजीत रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में कर लिया है, और परिजनों को सूचना दी जा रही है। साथ ही हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।








