लखीसराय : Munger University के यूजी सेमेस्टर-1 के हाल ही में घोषित परीक्षा परिणाम में भारी गड़बड़ी सामने आने के बाद लखीसराय में छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को अनुपस्थित दिखाए जाने से नाराज छात्रों ने बुधवार को सड़क पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

Akhil Bharatiya Vidyarthi Parishad (एबीवीपी) की लखीसराय इकाई के नेतृत्व में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने मुख्य सड़क को जाम कर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान आक्रोशित छात्रों ने कुलपति का पुतला दहन कर विरोध जताया। प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि परीक्षा में शामिल होने के बावजूद हजारों विद्यार्थियों को अनुपस्थित घोषित कर दिया गया, जो विश्वविद्यालय की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। छात्रों ने आरोप लगाया कि इस तरह की त्रुटि उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एबीवीपी के जिला संयोजक मनीष यदुवंशी ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन तुरंत सभी प्रभावित छात्रों के परिणामों में सुधार करे और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
प्रदर्शन में शामिल छात्र-छात्राओं ने एक स्वर में कहा कि उनके भविष्य के साथ किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रशासन से पारदर्शी और जवाबदेह व्यवस्था लागू करने की मांग की। इस दौरान सपना कुमारी, जुली कुमारी, आरती, रोनित, प्रयांशु, अभिषेक, अजीत जोगी और पायल सहित कई छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। छात्रों ने साफ कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।








