79.92 एकड़ भूमि हस्तांतरण को कैबिनेट की स्वीकृति, पशुपालन और दुग्ध उत्पादन क्षेत्र में खुलेगा विकास का नया रास्ता
पटना/लखीसराय। बिहार सरकार की कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में कुल 18 एजेंडों पर मुहर लगी, जिसमें लखीसराय जिले के लिए एक बड़ी सौगात भी शामिल रही। कैबिनेट ने राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के प्रस्ताव संख्या-13 को मंजूरी देते हुए चानन प्रखंड में सेक्स सॉर्टेड सीमेन स्टेशन स्थापना का रास्ता साफ कर दिया है। मंजूर प्रस्ताव के अनुसार लखीसराय जिले के चानन अंचल अंतर्गत गोपालपुर मौजा, थाना संख्या-47, खाता संख्या-192 एवं खेसरा संख्या-1130 की कुल 79.92 एकड़ गैरमजरूआ मालिक किस्म की परती कदीम भूमि को पशुपालन विकास योजना के तहत डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग, बिहार, पटना को अन्तर्विभागीय स्थायी निःशुल्क हस्तांतरण की स्वीकृति प्रदान की गई है।

सरकार के इस फैसले से जिले में पशुपालन और डेयरी क्षेत्र को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है। सीमेन स्टेशन स्थापित होने से पशुओं की नस्ल सुधार, दुग्ध उत्पादन में वृद्धि तथा पशुपालकों को आधुनिक तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित होने की संभावना जताई जा रही है।
गौरतलब है कि मुंगेर सांसद सह केंद्रीय मंत्री Rajiv Ranjan Singh ने बीते 18 जनवरी 2026 को लखीसराय के रामचंद्रपुर गांव के दौरे के दौरान ही इस परियोजना का ऐलान किया था। उस समय उन्होंने कहा था कि डीएम लखीसराय को चानन प्रखंड में सेक्स सॉर्टेड सीमेन स्टेशन के लिए जमीन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। अब सम्राट चौधरी कैबिनेट द्वारा मंजूरी मिलने के बाद यह घोषणा धरातल पर उतरती दिखाई दे रही है। लखीसराय जिले के विकास को लेकर सांसद ललन सिंह लगातार सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। चाहे लखीसराय बायपास सड़क सह पुल निर्माण की पहल हो या जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने की मांग, उन्होंने हर बड़े मुद्दे को मजबूती से उठाया है। बीते 22 अप्रैल 2025 को जिला समाहरणालय में आयोजित दिशा की बैठक में भी सांसद ललन सिंह ने तत्कालीन मुख्यमंत्री Nitish Kumar से लखीसराय में मेडिकल कॉलेज खोलने की मांग करने की जानकारी दी थी। इसके बाद 15 अगस्त 2025 को गांधी मैदान, पटना से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लखीसराय सहित छह जिलों में मेडिकल कॉलेज खोलने की घोषणा की थी।
अब चानन में बनने वाला सेक्स सॉर्टेड सीमेन स्टेशन लखीसराय को पशुपालन क्षेत्र में बिहार के उभरते केंद्र के रूप में नई पहचान दिलाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।







