10 रुपये का लालच देकर सुनसान जगह ले गया आरोपी, घटना के बाद गांव में दहशत
बेटियों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल, आरोपी की तलाश में पुलिस की लगातार छापेमारी
लखीसराय जिले के मानिकपुर थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। गांव की एक 8 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म की वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। बताया जाता है कि पीड़िता देर शाम अपने गांव की ग्रामीण सड़क पर साइकिल चला रही थी। इसी बीच गांव के ही एक युवक ने मासूम को 10 रुपए का लालच देकर जबरन खींच लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मासूम के रोने और चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे,

जिसके बाद घटना की जानकारी हुई। परिजनों ने तुरंत आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल कर पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही 112 की टीम तुरंत सक्रिय हुई और सूर्यगढ़ा पुलिस के साथ मौके पर पहुँची। परिजनों और पुलिस की मदद से पीड़ित किशोरी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सूर्यगढ़ा लाया गया। CHC के चिकित्सकों ने पीड़िता की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल लखीसराय रेफर कर दिया।

वर्तमान में सदर अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में पीड़िता का इलाज जारी है, जहाँ उसकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है।
क्या कह रही है पुलिस
इस पूरे सनसनीखेज मामले में लखीसराय पुलिस ने प्रेस ब्रीफिंग जारी करके बताया कि …..

“23 मई को मानिकपुर थाना को संध्या करीब 07 बजे सूचना प्राप्त हुई कि एक 08 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना हुई है। उक्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मानिकपुर थाना द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर घटनास्थल को सुरक्षित किया गया तथा फॉरेंसिक टीम द्वारा जांच कर साक्ष्य संकलन किया जा रहा है। पीड़ित बच्ची का इलाज एवं चिकित्सीय परिक्षण महिला पुलिस पदाधिकारी तथा परिजनों की उपस्थिति में सदर अस्पताल, लखीसराय में कराया जा रहा है। वरीय पदाधिकारी द्वारा भी घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा उक्त घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक महोदया के निर्देशानुसार अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु टीम का गठन कर लगातार छापेमारी की जा रही है। उक्त घटना के सम्बन्ध में पीड़ित के परिजनों से आवेदन प्राप्त कर थाना द्वारा प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।”










