लखीसराय। बिहार में लागू शराबबंदी कानून के बीच लखीसराय पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खगड़िया सदर प्रखंड में पदस्थापित प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (Block Supply Officer) दीपक कुमार भारद्वाज को शराब के नशे में गिरफ्तार किया है। उनके साथ मौजूद चालक दीपक कुमार, पिता साहब महतो, निवासी बेगूसराय को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अधिकारी की पहचान दीपक कुमार भारद्वाज, पिता अखिलेश सिंह उर्फ आको सिंह, निवासी पूर्वी कार्यानंद नगर, पावर ग्रिड के समीप, लखीसराय थाना क्षेत्र, लखीसराय के रूप में हुई है। वर्तमान में वह खगड़िया सदर प्रखंड में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।

पुलिस के अनुसार, दोनों एक हुंडई क्रेटा वाहन से लखीसराय पहुंचे थे। वाहन के आगे "जिला प्रशासन" का बोर्ड लगा था, जबकि पीछे के शीशे पर "आपूर्ति पदाधिकारी" अंकित था। संदेह होने पर पुलिस ने वाहन की जांच की, जिसमें 5 बोतल विदेशी शराब और 5 बोतल बीयर बरामद की गई। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर मेडिकल जांच कराई गई। मेडिकल जांच में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा शराब सेवन की पुष्टि हुई, जिसके बाद शराबबंदी अधिनियम के तहत उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। चालक के खिलाफ भी बरामद शराब के मामले में कार्रवाई की गई है। जांच के दौरान एक और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया। पुलिस के अनुसार, दीपक कुमार भारद्वाज पहले से लखीसराय थाना कांड संख्या 185/26 में फरार चल रहे थे। इस मामले में उनके विरुद्ध न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया गया था। वारंट लंबित रहने के बावजूद वह गिरफ्तारी से बच रहे थे। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि बरामद शराब कहां से लाई गई थी, उसका उद्देश्य क्या था और सरकारी पहचान वाले वाहन का उपयोग किस परिस्थिति में किया जा रहा था। साथ ही पुराने कांड में भी आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में भी हलचल मच गई है। शराबबंदी कानून के बीच एक पदस्थापित सरकारी अधिकारी की गिरफ्तारी को गंभीर मामला माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।






