केंद्रीय मंत्री ललन सिंह की अगुवाई में दो राज्य मंत्री करेंगे शिलान्यास और उद्घाटन
लखीसराय जिले के दियारा क्षेत्र पिपरिया में शनिवार को विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ने जा रहा है। वर्षों से आधुनिक सरकारी भवन की प्रतीक्षा कर रहे लोगों को अब नई सौगात मिलने वाली है। केंद्रीय पंचायती राज, मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री सह मुंगेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह की पहल पर पिपरिया प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया जाएगा। मोहनपुर गांव में आयोजित इस कार्यक्रम में बिहार सरकार के भवन निर्माण मंत्री लेसी सिंह एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार भी शामिल होंगे। इसके साथ ही उच्च माध्यमिक विद्यालय मोहनपुर के नवनिर्मित दो मंजिला भवन का उद्घाटन भी किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर पूरे इलाके में उत्साह का माहौल है तथा प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। पिपरिया का यह इलाका दियारा क्षेत्र के रूप में जाना जाता है, जहां वर्षों से बुनियादी सुविधाओं और प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने की मांग उठती रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सांसद ललन सिंह का इस क्षेत्र से विशेष लगाव रहा है और वे लगातार यहां विकास योजनाओं को आगे बढ़ाते रहे हैं। यही कारण है कि क्षेत्र में होने वाले इस कार्यक्रम को राजनीतिक और विकासात्मक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार, मोहनपुर एवं रामचंद्रपुर गांव स्थित करीब पांच एकड़ सरकारी भूमि पर अत्याधुनिक प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन का निर्माण कराया जाएगा। भवन बनने के बाद क्षेत्र के हजारों लोगों को राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, प्रमाण पत्र, पंचायत एवं विकास योजनाओं से जुड़े कार्यों के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।

स्थानीय नेताओं के अनुसार, वर्ष 1994 में पिपरिया प्रखंड की स्थापना केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के प्रयासों से ही संभव हो सकी थी। शुरुआती दौर में प्रखंड कार्यालय लखीसराय प्रखंड परिसर के समीप एक पुराने और जर्जर कमरे से संचालित किया जाता था। अब लगभग तीन दशक बाद क्षेत्र को स्थायी और आधुनिक प्रशासनिक भवन मिलने जा रहा है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सूर्यगढ़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामानंद मंडल, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष रामशंकर शर्मा उर्फ नुनू सिंह, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष रवि रंजन कुमार उर्फ टनटन, जदयू जिलाध्यक्ष रामानुज शर्मा, समाजसेवी ब्रजनंदन शर्मा उर्फ डिल्लन सिंह, गणेश प्रसाद सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
दियारा क्षेत्र में होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर आम लोगों में भी काफी उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि नए प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन के निर्माण से प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।







