लखीसराय। जिले के कबैया थाना क्षेत्र में सरकारी कार्य के दौरान पुलिस पर हमला किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। एसडीएम कोर्ट से जारी नोटिस तामील कराने पहुंची पुलिस के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई, जिसमें कबैया थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर अरुण कुमार ठाकुर घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या-17 निवासी नंदू राम से जुड़े भूमि विवाद मामले में एसडीएम कोर्ट द्वारा नोटिस जारी किया गया था। कोर्ट के आदेश का पालन कराने के लिए सब इंस्पेक्टर अरुण कुमार ठाकुर पुलिस बल के साथ संबंधित व्यक्ति के घर पहुंचे थे। इसी दौरान नोटिस तामील करने को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया। आरोप है कि नोटिस देने की प्रक्रिया के दौरान नंदू राम के परिजनों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया।


देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की एवं मारपीट की नौबत आ गई। इस दौरान सब इंस्पेक्टर अरुण कुमार ठाकुर घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रण में लिया। घायल अधिकारी को तत्काल इलाज के लिए लखीसराय सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार किया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। एसडीपीओ शिवम कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में एक ही परिवार के चार सदस्यों को हिरासत में लिया गया है।

सभी से पूछताछ की जा रही है तथा सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने और कानून-व्यवस्था भंग करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। हालांकि पुलिस की सतर्कता और अतिरिक्त बल की तैनाती के बाद हालात सामान्य हो गए हैं। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।







