समारोह में गूंजा सफलता का जश्न; संचालक ब्रजेश कुमार के मार्गदर्शन की छात्रों ने की सराहना, छात्रों ने सफलता का श्रेय संचालक ब्रजेश कुमार को दिया, राधे कृष्णम रेजिडेंसी में हुआ सम्मान समारोह
लखीसराय/सूर्यगढ़ा। जिले के युवाओं को सेना और पुलिस में भर्ती के लिए तैयार करने वाली प्रतिष्ठित संस्था बीके हार्ड प्रैक्टिस स्पोर्ट्स सेंटर ने एक बार फिर शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। सेंटर से प्रशिक्षण प्राप्त 45 अभ्यर्थियों का चयन बिहार पुलिस तथा 15 अभ्यर्थियों का चयन अग्निवीर भर्ती में हुआ है।


एक साथ 60 युवाओं की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। बिहार पुलिस में चयनित अभ्यर्थियों में संध्या कुमारी, संगीता कुमारी, प्रतिमा कुमारी, पल्लवी, दीपक, कन्हैया, बादल, कुंदन, बिट्टू और दीपक कुमार समेत कई अन्य नाम शामिल हैं। सफल अभ्यर्थियों ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय सेंटर के संचालक ब्रजेश कुमार के कुशल मार्गदर्शन, अनुशासित प्रशिक्षण और निरंतर प्रोत्साहन को दिया।

इस उल्लेखनीय सफलता के उपलक्ष्य में गढ़ी चौक स्थित राधे कृष्णम रेजिडेंसी में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सूर्यगढ़ा विधानसभा से राजद के प्रत्याशी प्रेम सागर शामिल हुए। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में बमबम कुमार, धनराज कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता सुमित कुमार, बादल कुमार और प्रवीण कुमार सहित कई गणमान्य लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। समारोह के दौरान सफल छात्र-छात्राओं को माला पहनाकर तथा मिठाई खिलाकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रेम सागर ने कहा कि आज बेटों के साथ-साथ बेटियां भी पुलिस और सेना में जाकर क्षेत्र, जिला और राज्य का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि ब्रजेश कुमार जैसे समर्पित प्रशिक्षक समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं, जो युवाओं को सही दिशा देकर आत्मनिर्भर बनाने का कार्य कर रहे हैं। वहीं बीके हार्ड प्रैक्टिस स्पोर्ट्स सेंटर के संचालक ब्रजेश कुमार ने सफलता का श्रेय छात्रों की कड़ी मेहनत, लगन और अनुशासन को दिया। उन्होंने कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य जिले के अधिक से अधिक युवाओं को सेना और पुलिस की वर्दी दिलाना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संसाधनों की कमी को कभी भी युवाओं के सपनों के आड़े नहीं आने दिया जाएगा।

लगातार मिल रही सफलताओं के कारण आज बीके हार्ड प्रैक्टिस स्पोर्ट्स सेंटर केवल एक प्रशिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को साकार करने वाला एक भरोसेमंद मंच बन चुका है। एक साथ 60 अभ्यर्थियों की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि सही मार्गदर्शन, कठोर परिश्रम और दृढ़ संकल्प के दम पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। यह उपलब्धि न केवल चयनित अभ्यर्थियों और उनके परिवारों के लिए गर्व का क्षण है, बल्कि जिले के उन हजारों युवाओं के लिए भी प्रेरणा है, जो वर्दी पहनकर देश और समाज की सेवा करने का सपना देखते हैं।







