बथान पर मिला बुजुर्ग का शव, परिजनों ने लगाया गला दबाकर हत्या का आरोप; प्रेम प्रसंग की पुरानी रंजिश पर उठे सवाल
लखीसराय। बड़हिया थाना क्षेत्र के आदर्श लक्ष्मीपुर गांव में गुरुवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के एक बथान से 70 वर्षीय बुजुर्ग का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान आदर्श लक्ष्मीपुर निवासी शंकर यादव के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

सूचना मिलते ही बड़हिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, लखीसराय भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। परिजनों के अनुसार शंकर यादव बुधवार की देर शाम घर से निकलकर गांव स्थित अपने बथान पर सोने गए थे। गुरुवार सुबह जब परिवार के लोग वहां पहुंचे तो उन्हें मृत अवस्था में पाया। इसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। मृतक की बेटी नीतू देवी और चचेरे भाई लगन यादव ने आरोप लगाया है कि यह सामान्य मौत नहीं बल्कि हत्या का मामला है।

परिजनों का कहना है कि करीब दो वर्ष पूर्व गांव के ही नवीन यादव की बेटी और शंकर यादव का बेटा प्रेम प्रसंग के चलते घर से फरार हो गए थे। इसी घटना को लेकर दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिजनों ने बताया कि पांच दिन पूर्व भी दोनों पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ था। आरोप है कि उस दौरान नवीन यादव पक्ष की ओर से जान से मारने की धमकी दी गई थी। परिजनों का दावा है कि इसी पुरानी रंजिश के कारण शंकर यादव की गला दबाकर हत्या की गई है।

हालांकि पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है। बड़हिया थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और परिजनों के आरोपों के आधार पर भी जांच आगे बढ़ा रही है।









