हाईवे पर अवैध कब्जों, ब्लैक स्पॉट और दुर्घटनाओं पर लगेगी लगाम; जिला राजमार्ग सुरक्षा टास्क फोर्स का गठन
लखीसराय। राष्ट्रीय राजमार्ग-80 (NH-80) पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं, अवैध अतिक्रमण और यातायात अव्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन अब सख्त कार्रवाई की तैयारी में है। शुक्रवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में डीएम शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला राजमार्ग सुरक्षा टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा सड़क सुरक्षा के संबंध में जारी निर्देशों के अनुपालन पर विशेष जोर दिया गया। जिला स्तर पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए जिला राजमार्ग सुरक्षा टास्क फोर्स के गठन पर सहमति बनी, जो विभिन्न विभागों के समन्वय से सड़क सुरक्षा संबंधी अभियानों की निगरानी और क्रियान्वयन करेगी। बैठक के दौरान एनएच-80 की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए हाईवे किनारे अवैध अतिक्रमण, अनधिकृत व्यावसायिक गतिविधियों, अवैध पार्किंग तथा दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) की पहचान कर उन्हें दूर करने की रणनीति बनाई गई।

जिला पदाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित अतिक्रमणों को चिन्हित कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। डीएम ने सड़क सुरक्षा क्षेत्र एवं राइट ऑफ वे (ROW) को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त बनाने पर विशेष बल दिया। इसके लिए संबंधित विभागों को समन्वित कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी चर्चा की गई। बैठक में हाईवे सर्विलांस टीम के गठन, मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार करने, एंबुलेंस एवं रिकवरी क्रेन की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने पर भी विचार किया गया।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक के अंत में बेगूसराय जिले में हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मधेपुरा जिले के तीन थानाध्यक्षों एवं एक चालक की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि, स्थापना उपसमाहर्ता शशि कुमार, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।









