कुर्की-जब्ती के बाद भी नहीं मिला आरोपी, सूचना देने वालों की पहचान रखी जाएगी गोपनीय
लखीसराय। जिले के चर्चित कमाल असरफ मामले में लखीसराय पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। लंबे समय से फरार चल रहे शिक्षा विभाग के पूर्व लिपिक कमाल असरफ की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी सूचना में यह जानकारी दी गई। पुलिस के अनुसार सूर्यगढ़ा थाना कांड संख्या 94/25 के नामजद अभियुक्त कमाल असरफ पर इनाम घोषित किया गया है। कमाल असरफ सूर्यगढ़ा नगर परिषद क्षेत्र के हल्दी गांव निवासी गुलाम सुभानी का पुत्र है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी और कानूनी कार्रवाई की जा रही है, लेकिन अब तक वह पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध पहले ही कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जा चुकी है। इसके बावजूद उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। ऐसे में आम लोगों से सहयोग प्राप्त करने के उद्देश्य से इनाम राशि घोषित की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपी के संबंध में सटीक सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

क्या है पूरा मामला
कमाल असरफ का नाम उस समय सुर्खियों में आया जब शिक्षा विभाग में कार्यरत एक महिला बीपीएम ने उसके खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई। पीड़िता का आरोप है कि कमाल असरफ ने अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर हिंदू नाम से उससे संपर्क किया और प्रेम संबंध स्थापित किया। बाद में उसे आरोपी की वास्तविक पहचान की जानकारी मिली। एफआईआर में महिला ने धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने, नमाज पढ़ने और गोमांस खाने के लिए मजबूर करने, यौन शोषण तथा मानसिक प्रताड़ना जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का यह भी आरोप है कि उसके नाम पर दो चारपहिया वाहन फाइनेंस कराए गए, जिनका उपयोग आरोपी और उसके सहयोगियों द्वारा किया जाता रहा।
स्कॉर्पियो बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
मामले की जांच के दौरान पीड़िता ने अपने नाम पर फाइनेंस कराई गई दो गाड़ियों के गायब होने की शिकायत भी दर्ज कराई थी। इनमें एक स्कॉर्पियो और एक हुंडई वेन्यू शामिल थी। पुलिस ने हाल ही में जमुई जिले के मलयपुर क्षेत्र से स्कॉर्पियो बरामद कर ली है। इस कार्रवाई में कमाल असरफ के एक भतीजे को भी गिरफ्तार किया गया है। हालांकि दूसरी गाड़ी की तलाश अब भी जारी है।
दो अन्य फरार आरोपियों पर भी इनाम
लखीसराय पुलिस ने कमाल असरफ के अलावा दो अन्य फरार आरोपियों पर भी इनाम घोषित किया है। सूर्यगढ़ा थाना कांड संख्या 177/24 के हत्या मामले में फरार नवाबगंज निवासी बुधन राम पर 10 हजार रुपये तथा कजरा थाना क्षेत्र के बेलौंजा गांव निवासी झकसू मांझी पर दो हजार रुपये का इनाम रखा गया है। झकसू मांझी न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी लखीसराय के समक्ष लंबित वन अधिनियम से जुड़े एक मामले में फरार चल रहा है। पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा









