खुली डाक प्रक्रिया में तीन प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, पिछले वर्ष की तुलना में बढ़ी बंदोबस्ती राशि
लखीसराय। बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय में श्री रामजानकी मंदिर न्यास, लाल दियारा (पूर्वी खुटहा), बड़हिया की कृषि योग्य भूमि की बंदोबस्ती के लिए खुली डाक (नीलामी) आयोजित की गई। अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) की देखरेख में संपन्न हुई इस प्रक्रिया में तीन प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतिस्पर्धात्मक बोली के बाद ग्राम लाल दियारा निवासी शशिकांत कुमार ने सबसे ऊंची बोली लगाकर बंदोबस्ती अपने नाम कर ली।


जानकारी के अनुसार मंदिर न्यास के ट्रस्ट में निहित करीब 19.5 बीघा कृषि भूमि की बंदोबस्ती वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए की जानी थी। निर्धारित समय पर अनुमंडल कार्यालय में खुली डाक की प्रक्रिया शुरू हुई, जिसमें बोलीदाताओं के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। डाक प्रक्रिया के दौरान शशिकांत कुमार ने 6 लाख 1 हजार रुपये की सर्वोच्च बोली लगाई। यह राशि पिछले वित्तीय वर्ष की बंदोबस्ती राशि 5 लाख 14 हजार रुपये से लगभग 87 हजार रुपये अधिक है।

उच्चतम बोली लगाने के बाद उन्हें नियमानुसार सफल बोलीदाता घोषित किया गया। नीलामी की पूरी प्रक्रिया अनुमंडल प्रशासन की निगरानी में पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई गई। सफल बोलीदाता को निर्धारित नियमों एवं शर्तों के अनुरूप आवश्यक राशि जमा करने तथा अन्य औपचारिकताएं पूरी करने का निर्देश दिया गया है। अभिलेखों के सत्यापन और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि डाक प्रक्रिया को पूरी तरह प्रतिस्पर्धात्मक और नियमानुकूल बनाया गया, ताकि न्यास की संपत्ति से अधिकतम राजस्व प्राप्त हो सके। प्राप्त राजस्व का उपयोग मंदिर न्यास के उद्देश्यों तथा जनहित से जुड़े कार्यों में किया जाएगा। खुली डाक के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे और पूरी प्रक्रिया पर नजर बनाए रखी गई।








